दो दिन में तीन करोड़ की शराब पी गए शौकीन
बस्ती। जिले में 43 दिन बाद शर्तों के साथ शराब की दुकानों को खोल दिया गया। सोमवार को सही समय न मालूम होने के चलते कुछ लोग शराब लेने से वंचित रह गए थे। मंगलवार को भी शराब की खूब बिक्री हुई। दो दिन में शौकिनों ने करीब तीन करोड़ रुपये की शराब पी डाली।
मंगलवार को दूसरा दिन होने के चलते पहले दिन की अपेक्षा शराब की दुकानों पर अधिक भीड़ देखने को मिली। खरीदारों को देखकर ऐसा लगा रहा था मानों दुकान खुली देख उन्हें आश्चर्य हो रहा हो। देसी शराब की दुकानों पर अधिक भीड़ देखने को मिली। बियर की दुकान पर कम लोग दिखे। अंग्रेजी शराब की दुकान पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिली। शराब की दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का असर देखने को मिला। यहां चूने से एक मीटर की दूरी पर घेरा बनाया गया था, जिसमें खड़े लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। हाथ धोने के लिए सैनिटाइज, साबुन पानी का इंतजाम दुकानदार की ओर से किया गया था। जिला आबकारी अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि पहले दिन की अपेक्षा मंगलवार को अधिक लोगों ने शराब की खरीदारी की है। दो दिन में लगभग तीन करोड़ की बिक्री हुई है।