बस्ती। जिले भर में आसमान में उड़ते ड्रोन का रहस्य गहराता जा रहा है। बृहस्पतिवार रात में भी कई हिस्सों से ड्रोन मंडराने की सूचना मिलती रही। इससे लोगों में दहशत और कौतूहल का मिलाजुला भाव देखा जा रहा है। लोगों में पूरे दिन इसकी चर्चा सबकी जुबान पर रही। पुलिस भी जगह-जगह बैठकें करके लोगों को अफवाह से दूर रहने की नसीहत तो दे रही है लेकिन, स्पष्ट तौर पर इस रहस्यमयी गतिविधियों की हकीकत के बारे में नहीं बता पा रही है। इस बीच बताया जा रहा है कि सर्वे आफ इंडिया नदियों का सर्वे करा है लेकिन इसकी पुष्टि कोई नहीं कर रहा है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि ग्राम सुरक्षा समितियों, ग्राम प्रहरियों और पुलिस मित्रों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि उन्हें किसी अफवाह में पड़ने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस अलर्ट होकर शरारत करने वालों पर नजर रख रही है।
-
अफवाहों से दूर रहें ग्रामीण
हर्रैया। बृहस्पतिवार को थाना परिसर में ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस ने बैठक की। ड्रोन उड़ाए जाने को चोरी की घटनाओं से जोड़कर देखे जाने की चर्चाओं को गंभीरता से न लेकर अफवाहों से बचने की सलाह दी। एक पखवारे से क्षेत्र के जगदीशपुर, कोदई, बड़हर कलां, उभाई, मझौवा बाबू, खम्हरिया गंगाराम आदि गांवों में रात में ड्रोन उड़ने की बात सामने आ रही है। इन दिनों क्षेत्र में चोरी की घटनाएं भी बढ़ी हुई हैं। हालत यह है कि गावों में लोग टोलियां बनाकर के रात को घूम रहे हैं।गांव में आने जाने वाले रास्तों से गुजर रहे लोगों पर नजर रख रहे हैं। संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर लोग पूछताछ करते हैं। शक होने पर पिटाई किए जाने खबरें भी आ रही हैं। सबसे अधिक संकट मानसिक कमजोर और फेरी वालों पर है। बैठक में सभासद धर्मध्वज सिंह, सत्य प्रकाश, कुलदीप श्रीवास्तव, संगल चौहान, बदलू प्रसाद, संतोष कुमार, चंद्र शेखर, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
-
वाल्टरगंज संवाद के मुताबिक, थानाध्यक्ष उमा शंकर तिवारी ने क्षेत्र के ग्राम प्रधान, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, संभ्रांत व्यक्तियों के साथ बैठक की। कहा कि किसी भी अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें। आगामी त्योहार को लेकर भी मुस्लिमों धर्म गुरुओं से भी लोगों को शांति पूर्वक आपसी प्रेम व भाई चारा के साथ त्योहार मनाने की अपील की। प्रधान प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, अब्दुल मजीद, राम गणेश चौधरी आदि मौजूद रहे।
मुंडेरवा संवाद के मुताबिक, थाना मुंडेरवा परिसर में ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों एव संभ्रांत व्यक्तियों के साथ थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बैठक की। कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना देते हुए सजग रहने की जरूरत है। इस अवसर पर आलोक चौधरी, कृष्ण लला अग्रहरि, सचिन चौधरी, जगदीश पाडेय, कामोद कुशवाहा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। नगर संवाद के अनुसार बक्सर, नौगढ़, प्रसादपुर, दुहवा और राजघाट में पिछले कुछ दिनों से रात के समय आसमान में ड्रोन उड़ते देखे जा रहे हैं। चमकती लाइट वाले इन ड्रोनों ने ग्रामीणों में डर और असमंजस पैदा कर दिया है। लोग रात में छतों पर जाने से डर रहे हैं, और कई गांवों में ग्रामीणों ने रात में पहरा देना शुरू कर दिया है। ड्रोन के पीछे का उद्देश्य और संचालक अभी तक अज्ञात हैं, जिससे अफवाहों का बाजार गर्म है।
टिनिच संवाद के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के टिनिच पुलिस चौकी अंतर्गत दर्जनों गांव में ड्रोन दिखाई देने से लोगों में दहशत है। पडितपुर, तिनहरी, बदलूपुर, शीतलनगर, बेलवारिया, शिवपुर, आमा, पचलौरिया, बेलवाडाड, बसहवा, भदना, धनघटी, बोधपुर, सुकरौली में लोगों ने आसमान में ड्रोन देखते ही दहशत में आ गये।
रुधौली संवाद के मुताबिक सीओ रुधौली स्वर्णिम सिंह ने थाना सभागार में ग्राम प्रहरियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की। सरकारी कार्यों के सर्वेक्षण के लिए प्रयोग हो रहे हैं, इससे घबराने या भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। रुधौली थाने पर सभी ड्रोन मालिकों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज हैं। किसी भी द्वारा किसी के भी द्वारा अनाधिकृत रूप से ड्रोन उड़ाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विजय दुबे एसआई एजाज अहमद, राघवेंद्र सिंह, सहित अन्य मौजूद रहे।
-
ड्रोन उड़ने से रातभर जागते रहे दर्जनों गांवों के लोग
कप्तानगंज(बस्ती)। थाना क्षेत्र में रात 10 बजे से ड्रोन उड़ने का सिलसिला शुरू हो गया। कप्तानगंज कस्बा, पिकौरासानी, दुबौला मिश्र, चौखडा, बढ़या, पगार, परिवारपुर, बनहा, महुलानी रखिया, बैहार, बनकटा दुबे, सरैया मिश्र, गोपियापार आदि गांवों में आधीरात तक ड्रोन उड़ता रहा। इससे इलाके के लोग भयभीत रहे। ड्रोन की निगरानी के लिए गांव के लोग अपने छतों पर बैठे रहे। पुलिस टीम भी रात भर गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को समझाती रही। क्षेत्र के कैप्टन दिनेश सिंह, बीरेंद्र ओझा, नरेंद्र नाथ त्रिपाठी, विजयपाल सिंह ने बताया कि ड्रोन का खौफ पूरे इलाके में है। इससे सभी को खतरा महसूस हो रहा है। एसओ आलोक श्रीवास्तव को ने बताया कि ड्रोन के बारे में पता लगाने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। संवाद
-