संवाद न्यूज़ एजेंसी
नगर बाजार (बस्ती)। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम बरगाह फुलवरिया के मोड़ पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट जाने से उसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गयी। जबकि एक शख्स घायल हो गया। जिसका उपचार जिला अस्पताल बस्ती में चल रहा है।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम फुलवरिया निवासी 38 वर्षीय राम सूरत उर्फ बबलू ट्रैक्टर पर गांव के 19 वर्षीय चंदन व फुलवरिया बरगाह निवासी 55 वर्षीय रामरूप को बैठाकर खेत की जुताई करने जा रहे थे। फुलवरिया बरगाह के मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और ट्रैक्टर का चारों पहिया ऊपर हो गया। सीट के नीचे ही चालक बब्लू दब गये। जबकि रामरूप व चंदन छिटक कर दूर जा गिरे।शोर सुनकर आस पास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए और ट्रैक्टर को किसी तरह से उठाकर बब्लू को बाहर निकाला और उनके परिजनों को इसकी सूचना दे दी। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर समाजसेवी रामकृपाल यादव ने घायल बब्लू को अपने वाहन से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां देखते ही डॉक्टर ने बब्लू को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल रामरूप का उपचार चल रहा है। चंदन बाल-बाल बच गया।