बस्ती। शहरी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी। इसके लिए नई परियोजना के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू होगा।
इस परियोजना से कई मोहल्ले आच्छादित होंगे और निर्बाध जलापूर्ति मिल सकेगी। अभी, पुरानी पाइपलाइन से जलापूर्ति होती है, मगर कहीं-कहीं लाइन न होने से कनेक्शन नहीं हो पाया है। नई पाइपलाइन बिछने से कनेक्शन मिल सकेगा।
नगर पालिका परिषद बस्ती जलकल अनुभाग ने दूसरे चरण में सुबाष तिराहे से लेकर नेहरू तिराहे तक नई पाइपलाइन बिछाने की योजना बनाई है। मालवीय रोड के किनारे-किनारे करीब तीन किमी. क्षेत्र में नई लोहे की मोटी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे आसपास मोहल्ले के लोगों को फुल प्रेशर में पानी मिल सकेगा। अभी, स्थानीय मोहल्ले में जलापूर्ति का संकट है। कम प्रेशर, कभी गंदा पानी, लीकेज और शेड्यूल के अनुसार जलापूर्ति न होने से परेशानी होती है।
नई पाइपलाइन और नलकूप बन जाने से लोगों को अनवरत जलापूर्ति मिल सकेगी। इसके लिए अलग से एक नलकूप का भी निर्माण कराया जाएगा। बोरिंग से सीधे पाइपलाइन को कनेक्ट किया जाएगा।
नलकूप चलने पर फुल प्रेशर में लोगों के घरों तक पानी पहुंचेगा। इस परियोजना पर नपा बस्ती एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। मालवीय रोड पर ही नलकूप बनेगा, ताकि पाइपलाइन का प्रेशर अच्छा रहे। अभी इस रूट पर कोई भी नलकूप नहीं है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
दो साल से मड़वानगर में नहीं पहुंच सका पानी : शहर के मड़वानगर मोहल्ले में पेयजल समस्या को दूर करने के लिए यहां पूर्व में पाइपलाइन डाली गई थी। घरों तक कनेक्शन भी दिया गया है, मगर दो साल से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
लोगों ने बताया कि कहीं, लीकेज के चलते पाइपलाइन चोक हो गई है। इससे जलापूर्ति से लोग वंचित हैं। नई पाइपलाइन बिछने से उम्मीद जगी है।