जिला अस्पताल में सड़क निर्माण प्रारंभ हुआ संवाद
बस्ती। जिला अस्पताल की बदहाल हो चुकी सड़कों का निर्माण शुरू हो गया है। इससे मरीजों और तीमारदारों का दर्द कम होगा। अभी उपचार से पहले लोगों को अव्यवस्था से जूझना पड़ रहा था। अस्पताल परिसर की अधिकांश सड़कें और नालियां खराब थीं, जिससे परेशानी हो रही थी।
जिला अस्पताल परिसर में विभागीय बजट से 1.6 करोड़ की लागत से सीसी रोड और नाली का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित था। इसके लिए सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव मांग भी उठा चुके थे। भेजे गए प्रस्ताव पर शासन स्तर से मुहर भी लग गई थी। इसके लिए बजट भी आवंटित कर दिया गया था।
बावजूद इसके कार्यदायी संस्था यूपी आरएनएसएस निर्माण शुरू करने में आनाकानी कर रही थी। जिसके बाद अमर उजाला ने 31 मार्च के अंक में पेज दो पर खबर प्रकाशित किया था।
इसके बाद अफसरों ने मामले को गंभीरता से लिया और आनन-फानन में कार्य आरंभ करवा दिया। वहीं, दूसरी योजना क्रिटिकल गैप्स है। सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने पूर्व की कार्ययोजना में शामिल न होने वाली दो सड़क और नाली के निर्माण के लिए पहल की थी। इसके लिए आठ लाख रुपये स्वीकृत है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
क्रिटिकल गैप्स योजना के तहत दो सड़क 115 मीटर और 110 मीटर बनाई जाएंगी। इसके लिए करीब आठ लाख रुपये स्वीकृत हुआ है। इमरजेंसी गेट से ओपीडी और गेट संख्या दो व तीन तक निर्माण शुरू हो चुका है। सड़क की खुदाई चालू है।