बस्ती। बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से 9 जून को लखनऊ में आयोजित जी-20 राज्य स्तरीय जनभागीदारी कार्यशाला में जिले के आदर्श प्राथमिक विद्यालय मूड़घाट के राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र बतौर पैनलिस्ट शामिल होंगे। कार्यक्रम में डॉ. सर्वेष्ट मिश्र निपुण भारत मिशन के तहत प्रभावी कक्षा शिक्षण में शिक्षकों की भूमिका विषय पर पर अपना प्रस्तुतिकरण देंगे। कार्यक्रम में वह निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों में राज्य सरकार की ओर से जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों, चुनौतियों व संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनंद ने बीएसए बस्ती को पत्र भेजकर डॉ. मिश्र को 09 जून 2023 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में समय से प्रतिभाग कराने का निर्देश भेजा है। पैनल डिस्कशन में डॉ. सर्वेष्ट के अलावा बीएसए लखीमपुरखीरी लक्ष्मीकांत पांडेय, बीईओ सेवापुरी संजय यादव व एसआरजी कानपुर राजेश यादव को भी शामिल किया गया गया है। उक्त कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी जनपदों के 375 एसआरजी व एआरपी को भी बुलाया गया है। डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने कहा कि सरकार की ओर से यह अवसर प्रदान करना उनके लिए खुशी व गर्व का पल है।