रुपये निकालने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक करनी पड़ रही दौड़भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर में दर्जन भर एटीएम खराब है। लोगों को धन निकासी के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक दौड़भाग करनी पड़ रही है। यदि कोई एटीएम चालू भी है तो वहां एसी खराब है। रुपये निकालते समय पसीने से लोगों भींग जाना पड़ रहा है। माथे से पसीना पोछते हुए लोग बाहर निकलते हैं। रोडवेज, रेलवे स्टेशन और कचहरी क्षेत्र के एटीएम बाहर से आने वालों को अक्सर धोखा देते हैं। नियमित सफाई नहीं होने से एटीएम के अंदर गंदगी भी रहती है।
रोडवेज से 300 मीटर की परिधि में विभिन्न बैंकों के आधा दर्जन एटीएम हैं। बमुश्किल एक-दो एटीएम ही चालू हालत में है। बुधवार को नेहरू तिराहे के ठीक सामने पीएनबी एटीएम नो-नेटवर्क की समस्या से जूझ रहा था। दोपहर में शीशे का डोर खुला था। एसी बंद मिली। सर्वर काम न करने से एटीएम डालते ही रिजेक्ट हाे जा रहा था।यहीं से पचास मीटर की दूरी पर स्थित एसबीआई एटीएम के अंदर गंदगी का अंबार है। एसी का बाहरी डिब्बा केवल बचा है।
एसी यहां से गायब है। गर्मी में एटीएम के अंदर पैसा निकालते समय लोग पसीने से भीग जा रहे हैं। अंदर गर्मी ज्यादा होने से एटीएम भी रूक-रूक कर आपरेट हो रहा है। इसके ठीक बगल में एचडीएफसी बैंक के दो एटीएम में से एक नहीं चल रहा है। अंदर एसी भी खराब है। रोडवेज से 50 मीटर आगे कोतवाली रोड पर पीएनबी का एटीएम भी बगैर एसी के चालू मिला। यहां भी उपभोक्ता पसीने से तरबतर होकर पैसा निकाल रहे हैं। वहीं गायत्री मंदिर के बगल में लगे एक्सिस बैंक के एटीएम में बैलेंस ही नहीं था। यहां आने वाले उपभोक्ता निराश होकर लौट गए। रेलवे स्टेशन पर एसबीआई एटीएम, मालवीय मार्ग पर केनरा बैंक का एटीएम, उत्कर्ष बैंक एटीएम, रंजीत चौराहे पर बैंक आफ इंडिया का एटीएम, फव्वारा चौराहे पर पीएनबी और एक्सिस बैंक के एटीएम, विकास भवन के निकट यूनियन बैंक के एटीएम समेत एक दर्जन से अधिक एटीएम अक्सर बंद मिल रहे हैं।
कंपनियों के पास है निगरानी का जिम्मा
शहर में लगाए गए एटीएम की देखरेख का जिम्मा बैंकों की ओर से विभिन्न कंपनियों को सौंपा गया है। मगर नियमित निगरानी नहीं हो रही है। एटीएम खराब होने पर उसे ठीक कराने में महीनों लग रहे हैं। अधिकांश एटीएम मशीन की गुणवत्ता भी खराब बताई जा रही है।
..
ग्राहकों के लिए एटीएम में अनुमन्य सुविधाएं
एटीएम चौबीस घंटे की सेवा है। यहां ग्राहकों के लिए विभिन्न सुविधाएं अनुुमन्य है। प्रत्येक एटीएम पर गार्ड की तैनाती अनिवार्य है। मगर अधिकांश एटीएम पर गार्ड की सुविधा नहीं है। इसके अलावा एटीएम के अंदर चौबीस घंटे एसी चालू हालत में होनी चाहिए। यह सुविधा भी अधिकांश एटीएम से नदारद है।
...
खराब एटीएम के बारे में एसबीआई के रिजनल मैनेजर को अवगत कराया जाए। इसका निदान उन्हीं के स्तर से होता है। वैसे जहां खराबी की शिकायत मिलती है रिपेयरिंग में मशीनों को भेजा जाता है। सभी एटीएम चेक कराए जाएंगे। जो भी अव्यवस्था होगी दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
आरएन मौर्य, प्रबंधक, लीड बैंक