हर्रैया। छावनी थाना क्षेत्र के बबुरहवा के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हाईवे पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही डबल डेकर लग्जरी बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के चलते करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। सूचना पर आई छावनी पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। थानाध्यक्ष राणा डीपी सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी। आगे चल रहे ट्रक में अचानक ब्रेक लगाने से बस उससे टकरा गई। संवाद