फोरलेन पर ट्रक से टकराई डबल डेकर बस
दिल्ली से बिहार जा रही बस के छह यात्रियों को आईं चोटें
हर्रैया थाने के झलियहवा के पास हुआ हादसा
हर्रैया (बस्ती)। दिल्ली से बिहार जा रही डबल ट्रैकर बस फोरलेन पर हर्रैया थाने के झलियहवा के पास ट्रक में टकराते हुए अनियंत्रित हो गई। हालांकि बगल से गुजर रही क्रेन ने बस को पलटने से रोक लिया। वरना बस मछोइया नाले में गिर जाती। बस सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में सवार छह यात्रियों को हल्की चोटें आईं। क्रेन की मदद से बस को खींचकर किनारे किया गया। बस में उपलब्ध मेडिकल किट से सभी का इलाज किया गया।
बिहार के छपरा निवासी बस चालक मानविंदर सिंह ने बताया कि झपकी आने के चलते बस का अगला हिस्सा एक ट्रक से टकरा गया। आसपास के लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। कुछ को मामूली चोट आई थीं, जिनका बस स्टाफ ने मेडिकल किट से इलाज किया। थानाध्यक्ष हर्रैया मृत्युंजय पाठक ने बताया कि क्षतिग्रस्त बस की मरम्मत कराने के बाद यात्रियों को उसी से गंतव्य को रवाना किया गया।