आईएमए से जुड़े डॉक्टरों ने डॉक्टर्स दिवस पर काली पट्टी बांधकर कार्य किया। कहा कि क्लीनिक एस्टेबलिशमेंट एक्ट काला कानून है। इससे गरीब और असहाय लोगों को सस्ती चिकित्सा उपलब्ध नहीं हो सकेगी। एक्ट में अव्यवहारिक मानक लाद दिए गए हैं।
एक जुलाई को प्रतिवर्ष डॉक्टर्स दिवस मनाया जाता है। आईएमए बस्ती की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि डॉक्टर्स काली पट्टी बांधकर गरीब मरीजों की निशुल्क सेवा करेंगे। डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश सरकार के इस काले कानून का पुरजोर विरोध जारी रहेगा। यह एक्ट गरीब विरोधी है।
चिकित्सीय व्यय बढ़ेगा जिसका सीधा असर गरीब जनता पर पड़ेगा। एक्ट लागू होने से सहज चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराने वाले डॉक्टरों को क्लीनिक व नर्सिंग होम बंद करने पड़ेंगे। महंगे और कारपोरेट कल्चर के अस्पतालों को इसका लाभ मिलेगा जहां गरीब अपनी दवा नहीं करा सकेगा। जनप्रतिनिधियों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। बैठक में डॉ. नवीनकुमार, डॉ. पीके श्रीवास्तव, डॉ.अश्वनी सिंह, डॉ.एपीडी द्विवेदी, डॉ.रंगजी द्विवेदी, डॉ.एसपी चौधरी, डॉ.सुधांशु द्विवेदी, डॉ.दीपक, डॉ.एमएम सिंह, डॉ.आरजेएन चौधरी, डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव आदि लोग शामिल रहे।