पीएचसी नरहरिया सेंटर में कर्मचारी से पूछताछ करते सीएमओ डॉक्टर आरपी मिश्रा
बस्ती। स्वास्थ्य विभाग में कार्य दायित्व को लेकर कितनी गंभीरता है इसकी पोल बुधवार को सीएमओ डॉ. एके मिश्रा के औचक निरीक्षण में खुल गई। सीएमओ अर्बन पीएचसी की व्यवस्था जांचने अर्बन पीएचसी नरहरिया पहुंचे तो वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आरपी सिंह गैर हाजिर थे। इसके बाद वह इसी पीएचसी के अधीन संचालित टीकाकरण सत्र बेलवाडाडी पहुंचे। वहां एएनएम सरिता गायब मिली। इसके जांच के निर्देश सीएमओ ने दिए हैं।
सीएमओ ने बताया कि पीएचसी प्रभारी डॉ. आरपी सिंह के अनुपस्थित रहने की बात पर बताया गया कि उनका दो दिन का अवकाश का प्रार्थना पत्र रखा हुआ है। प्रार्थना पत्र न तो किसी सक्षम अधिकारी ने स्वीकृत किया था और न ही उन्होंने अवकाश के सम्बंध में किसी सक्षम अधिकारी को सूचना दी गई थी। सीएमओ का कहना था कि बिना सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत हुए बिना गैर हाजिर हो जाना स्वेच्छाचारिता एवं कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत है।
सीएमओ ने पीएचसी नरहरिया के अधीन टीकाकरण सत्र बेलवाडाड़ी का निरीक्षण किया तो एएनएम सरिता अनुपस्थित मिली। उनके फोन पर दो बार काल की गई तो एक बार फोन रिसीव करने के बाद कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। सरिता का हस्ताक्षर रजिस्टर पर बना हुआ पाया गया। हस्ताक्षर किसी अन्य की ओर से बनाया गया प्रतीत हो रहा था। सीएमओ ने एएनएम सरिता के कार्यो की जांच के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. विनोद कुमार इसकी जांच करेंगे। एएनएम शशिकला का भी अवकाश का प्रार्थना पत्र सक्षम अधिकारी की ओर से स्वीकृत नहीं किया गया था। सभी स्टॉफ के लिए ऑनलाइन अवकाश लिए जाने का निर्देश पहले से हैं। पीएचसी बरदहिया में नर्स पूनम यादव ने एक टीका लगाया गया था। डॉ. मासूमा मौजूद रहीं। फार्मासिस्ट सीएल पर थे, लेकिन उनका प्रार्थना पत्र स्वीकृत नहीं था। निरीक्षण के समय डिप्टी सीएमओ डॉ. विनोद कुमार, प्रभारी नगरीय स्वास्थ्य डॉ. एके कुशवाहा, जिला नगरीय समन्वयक सच्चिदानंद चौरसिया मौजूद रहे।