कैनो-स्प्रिंट चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर किया पुरस्कृत
नई टिहरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान अब देवभूमि के साथ ही खेल भूमि के रूप में भी होगी। उत्तराखंड में जल्द खेल विश्वविद्यालय अस्तित्व में आ जाएगा। जिसमें खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे। सीएम ने यह बात टिहरी बांध की झील में आयोजित 35वीं सीनियर पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय कैनो-स्प्रिंट चैंपियनशिप के विजेता खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करते हुए कही। सीएम ने टिहरी के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। कोटीकॉलोनी में शुक्रवार को चार दिवसीय टिहरी वाटर स्पोर्ट्स कप के समापन पर सीएम धामी ने देश के विभिन्न राज्यों से आए विजेता खिलाडिय़ों को ट्राॅफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध की झील साहसिक पर्यटन के साथ ही साहसिक खेलों का नया स्थल बनती जा रही है। हमारा प्रयास रहेगा कि यहां सालभर इस तरह के आयोजन हों, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल सके। कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक विजेता खिलाडिय़ों को सरकार ने नकद धनराशि देने का प्रावधान किया है। इसके साथ ही उनके लिए सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत का कोटा निर्धारित किया गया है। अब खिलाडिय़ों को सिर्फ खेलों पर ध्यान देना है। सीएम ने कहा कि टिहरी जिले में दो जी-20 की मीटिंग कराकर पहले ही इतिहास बनाया है। उस अनुभव के आधार पर हम राष्ट्रीय साहसिक खेल स्पर्धाएं भी टिहरी झील में सफलतापूर्वक संचालित करेगे। सरकार ने उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार राशि भी बढ़ा दी है। सीएम ने टिहरी बांध की झील में स्थापित क्रूज बोट का निरीक्षण करते हुए कहा कि झील में धीरे-धीरे पर्यटकों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि टिहरी में जल्द मेडिकल कॉलेज पर काम शुरू किया जाए जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश नौटियाल ने चंबा-छमुंड मोटर मार्ग और कोटीकाॅलोनी से नई टिहरी रोपवे की स्वीकृति देने की मांग की। इस मौके पर घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत प्रशासक सोना सजवाण, आईटीबीपी के आईजी संजय गुंज्याल, टीएचडीसी के सीएमडी आरके बिश्नोई, आईकेसीए के अध्यक्ष प्रशांत कुशवाह, ईडी एलपी जोशी, ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, भाजपा प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी आयुष अग्रवाल, डॉ. एएन त्रिपाठी, प्रशासक सुनीता देवी, बसुमति घणाता, शिवानी बिष्ट,खेम सिंह चौहान, डा. प्रमोद उनियाल और दिनेश डोभाल आदि मौजूद थे।