- शरीर में नहीं दिखाई देते निशान, गर्म कपड़ा निकालने पर बढ़ने लगती है शरीर में खुजली
बस्ती। सर्दी के मौसम में अगर आपके शरीर में बिना किसी दाने के खुजली हो रही है तो उसे हल्के में न लें। यह जेरोटिक एक्जिमा हो सकता है। इस बीमारी की सबसे खास बात यह है कि यह शरीर की त्वचा को रूखा बना देता है। अधिक खुजला देने पर शरीर में दरारें पड़ सकती हैं। ऐसे लक्षण दिखाई दें तो त्वचा रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि जेरोटिक एक्जिमा त्वचा को बहुत ज्यादा रूखा बना देता है। इसे एस्टेटोटिक एक्जिमा भी कहते हैं। यह एक सामान्य तरह का डर्माटाइटिस है। जेरोटिक एक्जिमा में त्वचा पर दरारें पड़ सकती हैं। वह दरारें लाल, खुजलीदार और फटी हुई हो सकती हैं। यह ज्यादातर बुजुर्गों में होता है, लेकिन आज कल युवाओं में भी इस बीमारी के लक्षण मिल रहे हैं।
डॉक्टर राम प्रकाश ने बताया कि हर दिन करीब 100 में से 15 से 20 मरीज में इस तरह के लक्षण दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में लोग स्नान करने से बचते हैं। बिना स्नान किए ही गर्म कपड़े पहन लेते हैं। कुछ लोग तो स्नान प्रतिदिन करते हैं, लेकिन एक ही गर्म कपड़े सप्ताह भर पहनते हैं। शरीर पर कई दिनों तक तेल नहीं लगाने से त्वचा को नमी नहीं मिलती है।
जेरोटिक एक्जिमा के लक्षण
- त्वचा रूखी, लाल और खुजलीदार हो जाती है।
- त्वचा पर दरारें पड़ सकती हैं।
- त्वचा में सूजन आ सकता है।
- लाल, उभरे हुए दाने हो सकते हैं।
ऐसे करें बचाव
- कठोर साबुन और डिटर्जेंट का इस्तेमाल न करें।
- कोमल, मॉइश्चराइजिंग क्लींजर का इस्तेमाल करें।
- नहाने के बाद तुरंत मॉइश्चराइजर लगाएं।
पीलीभीत के जिला चिकित्सालय में मरीज देखते चिकित्सक।संवाद- फोटो : संवाद
पीलीभीत के जिला चिकित्सालय में मरीज देखते चिकित्सक।संवाद- फोटो : संवाद