बस्ती। विकास भवन सभागार में डीएम ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। अफसरों को निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर भी समीक्षा बैठक करें। प्रत्येक सप्ताह रिपोर्ट भेजें। साथ ही क्षेत्र में भ्रमण के अलावा कार्यालय में बैठक कर लोगों की समस्याओं का समाधान भी करें।
जिला अधिकारी डॉ. राज शेखर की अध्यक्षता में हुई विकास कार्यों की समीक्षा में विकास, कल्याण, निर्माण, स्वास्थ्य आदि मुख्य मुद्दे रहे। डीएम ने मुख्यमंत्री के प्राथमिकता के कार्यक्रमों को पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। कहा कि स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, सामूहिक विवाह योजना, पेंशन योजना, खाद्य सुरक्षा, पेयजल परियोजनाएं, सड़क, फसल बीमा योजना, टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, गन्ना भुगतान, नलकूपों से पानी की उपलब्धता, खाद-बीजों की उपलब्धता पर ध्यान दें। निर्देश दिए कि कार्यालयों में बैठक कर मौके पर जनता का निराकरण भी करें। उक्त सभी बिंदुओं पर 15 जून को फिर समीक्षा की जाएगी।
विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकार अरविंद कुमार पांडेय ने विकास, कल्याण, निर्माण आदि कार्यों की समीक्षा की। कहा कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे, तहसील क्षेत्रों में 20 और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति बनाये रखें। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी ने बताया कि जिले में 40.85 लाख पौधारोपण के लक्ष्य हैं। इसमें 31.48 लाख अन्य विभागों के हैं। 9.36 लाख वन विभाग को लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य पूरा करने की कार्रवाई चल रही है। बैठक में परियोजना निदेशक आरपी सिंह, सीएमओ डॉ. जेएलएम कुशवाहा एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।