डीएम ने धान क्रय केंद्र का किया निरीक्षण।
- फोटो : BASTI
डीएम ने किया धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण
ई पास मशीन खराब मिली, जिसे ठीक कराने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/बनकटी। डीएम आशुतोष निरंजन ने साधन सहकारी समिति सजनाखोर कथरुआ व चित्राखोर धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। जहां चित्राखोर में खाद की बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई ई-पास मशीन खराब मिलने पर जिला कृषि अधिकारी को ठीक कराने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
चित्राखोर में 10 हजार क्विंटल धान खरीद के लक्ष्य के सापेक्ष 105 किसानों से 7350 क्विंटल धान खरीद की गई है। 73 किसानों का भुगतान भी कर दिया गया। यहां पर कुल 180 किसानों ने धान बेचने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। समिति के सचिव प्रदीप कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में हाईब्रिड व कामन धान होता है, जिसे 1868 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाता है। डीएम ने टोकन रजिस्टर का निरीक्षण किया जो निर्धारित मानक के अनुसार नहीं पाया गया। उन्होंने सहायक निबंधक सहकारिता व पीसीएफ के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए कि शासन की ओर से निर्धारित प्रारूप के अनुसार रजिस्टर तैयार कराएं। साधन सहकारी समिति सजनाखोर कथरुआ में किसानों ने डीएम को हल्दिया रोग के बारे में जानकारी दी। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरे जिले के रैपिड सर्वे करा लें, और हल्दिया रोग से क्षतिग्रस्त धान की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इस केंद्र का लक्ष्य 600 मीट्रिक टन का है। सचिव रामसरन चौधरी ने बताया कि 364 मीट्रिक टन धान 59 किसानों से खरीदा गया है। यहां पर 72 घंटे के भीतर किसानों का भुगतान होते नहीं पाया गया। प्रबंधक पीसीएफ ने बताया कि बैंक खाता व आधार कार्ड में नाम मिसमैच होने के कारण भुगतान में समय लग रहा है। डीएम ने सहायक विकास अधिकारी सहकारिता को निर्देश दिए कि प्रतिदिन चार धान क्रय केंद्र का निरीक्षण करें, शासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था क्रय केंद्र पर सुनिश्चित कराएं। डीएम ने बेलगड़ी में विशाल पेस्टीसाइड एजेंसी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने नीम कोटेट यूरिया, सुपर यूरिया, डीएपी खाद का स्टॉक रजिस्टर चेक किया, जिसका ई-पास मशीन से मिलान कराया। इस दौरान डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ तिवारी, जिला कृषि अधिकारी संजेश श्रीवास्तव, सहायक निबंधक सहकारिता प्रेम चंद्र प्रजापति आदि मौजूद रहे।