डीएम ने निर्माणाधीन ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का किया निरीक्षण
10 जुलाई तक इंस्टीट्यूट हस्तांतरण का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। डीएम ने आईटीआई परिसर में निर्माणाधीन ड्राइविंग ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का शुक्रवार को निरीक्षण किया। उन्होंने इसे 10 जुलाई तक पूर्ण कर विभाग को हस्तांतरित करने का कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए। बिजली कनेक्शन कार्य तत्काल पूरा कराने के भी डीएम ने निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम सौम्या अग्रवाल ने कहा कि इस ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट को शुरू करने के लिए परिवहन आयुक्त के निर्देश प्राप्त हुए हैं। यह प्रदेश का दूसरा ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट है, जो पूर्ण हो रहा है। उन्होंने परियोजना प्रबन्धक को निर्देश दिए कि प्रशासनिक भवन के लिए फर्नीचर मंगवाना शुरू करें। 4.23 करोड़ के निर्माणाधीन इस इंस्टीट्यूट में प्रशासनिक भवन, पैंट्री रूम, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, बोरिंग, रेनवाटर, हार्वेस्टिंग, ट्रैक, ग्रेडिएंट, टेस्ट ट्रैक, कंट्रोल रूम, हाईमास्टलाइट, इलेक्ट्रिकल पोल, इंटरलाकिंग टाइल्स का कार्य पूरा कर लिया गया है। जबकि टू व्हीलर ट्रैक का निर्माण प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान आईटीआई प्रधानाचार्य पीके श्रीवास्तव, अर्थ एंव संख्याधिकारी टीपी गुप्ता, यूपीआरएनएसएस के परियोजना प्रबन्धक मंसूर अहमद, एआरटीओ एके चौबे मौजूद रहे।