बस्ती। आईजीआरएस प्रकरण के निस्तारण में तेजी नहीं आ पा रही है। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयाेजित एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की साप्ताहिक समीक्षा हुई। डीएम ने लंबित शिकायतों को लेकर अधिकारियों को हिदायत दी। डीएम ने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज सभी शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में होना चाहिए। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की गई। जिन विभागों में शिकायतों की संख्या अधिक थी, उन्हें शीघ्रातिशीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
आवास योजना में वसूली की दर्ज कराएं शिकायत
बस्ती। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अन्तर्गत ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। पीओ डूडा सुनीता सिंह ने बताया कि योजना निशुल्क है। आवेदन पत्रों की जांच के लिए टीम लगी है। पात्र आवेदकों की ही डीपीआर तैयार कराकर सूडा को भेजा जाएगा। कोई बिचौलिया यदि आवास के नाम पर प्रलोभन देकर धन की मांग करता है तो इसकी शिकायत मोबाइल नं. 9151999189 पर दर्ज कराई जा सकती है। संवाद
लंपी रोग से बचाव के लिए पशुओं का किया टीकाकरण
सल्टौआ। क्षेत्र में पशुओं को लंपी रोग बचाने के लिए वीओ डॉ. विजय श्रीवास्तव की देखरेख में टीकाकरण किया गया। मंगलवार को सेखुई, पिटाउट, भिरिया, अमरौली शुमाली, औड़जंगल, सूरजुपुर, डुमरी, विशंभरचक, तुरकौलिया, गौहनिया, मुरादपुर, सूरतगढ़ और बस्थानवा आदि गांवों में टीकाकरण के बारे में बताया गया। पशुपालकों में रत्ननेश कुमार, देवीचंद, पप्पू निषाद, आज्ञाराम, रामदास, जगराम, शिवशंकर और पूर्णावसी शामिल रहे। डॉ. विजय श्रीवास्तव ने बताया कि लंपी रोग पशुओं में तेजी से फैल सकता है, इसलिए समय पर टीकाकरण और उचित देखभाल जरूरी है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को नियमित रूप से टीका लगवाएं और बीमारियों के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करें। संवाद
सट्टा प्रदर्शन मेले में 48 शिकायतों में 37 का निस्तारण
मुंडेरवा। सहकारी गन्ना विकास समिति में दस दिवसीय सट्टा प्रदर्शन मेले के नौवें दिन किसानों ने 48 शिकायतें दर्ज कराईं। 37 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।सचिव डॉ. रामफल सिंह ने बताया कि नौ काउंटरों पर किसानों की शिकायतें सुनी गईं। उन्होंने किसानों से अपील की कि मेले के अंतिम दिन बुधवार को आकर अपने गन्ना सट्टे से संबंधित कमियों का समाधान कराएं, ताकि गन्ना पर्ची और रकबे से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण हो सके और उन्हें मिल पर गन्ना लाते समय कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर विनोद राय, रामसजीवन, अरुण वर्मा, संदीप श्रीवास्तव, जितेन्द्र कुमार, रणविजय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। संवाद
नैनो यूरिया और डीएपी के प्रयोग की दी जानकारी
छावनी। अमोढ़ा बाजार में सोमवार को आयोजित किसान सभा में नैनो यूरिया और डीएपी के फायदे और प्रयोग के तरीके बताए गए। इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक शुभम मिश्र ने बताया कि नैनो टेक्नोलॉजी आधारित उर्वरक मिट्टी की उर्वरक शक्ति को कमजोर होने से बचाता है और पर्यावरण को भी सुरक्षित रखता है। शुभम मिश्र ने किसानों को समझाया कि नैनो उर्वरकों के नियमित प्रयोग से फसल निरोगी रहेगी और खेतों की मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर होगा। उन्होंने रबी की फसल में नैनो उर्वरक प्रयोग की विधि और सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सभा में शामिल किसानों ने नई तकनीक अपनाने का संदेश दिया और नैनो खाद का प्रयोग करने का आश्वासन भी दिया। किसान सभा में क्षेत्र के कई किसान मौजूद थे और उन्होंने इस पहल को उत्साहपूर्वक स्वीकार किया। संवाद
जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए डीएम को ज्ञापन
बस्ती। बस्ती-महुली मार्ग से कृष्णा भगौती सोनिहा घाट संपर्क मार्ग के बीच कृष्णा भगौती से जोगीपुर सड़क की मरम्मत के लिए समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव श्याम यादव ने मंगलवार को जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। कहा कि यह मार्ग जोगीपुर, चंदो, मल्हवारा, अगई भगाड, न्यौरीगाडा, कुसरौत, पाथरभीत, जुआ जाता, धौरहरा, महादेवा, गलवा, कन्दौरा, नरायनपुर, पाल्हा, रखौना, बगियापार, प्रतापपुर, कुरहा पट्टी, पिपरा गौतम, बडवारे, सुकरौली, सपहा, दयालपुर, देवाडीहा, निरंजनपुर, इटैली, सोधिया आदि गांव को शहर से जोड़ता है। यह मार्ग काफी जर्जर हो गया है और यात्रियों को आवागमन में गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उनके साथ हेमन्त चौधरी, काली प्रसाद यादव, गिरीश चंद्र, लालचंद यादव, डब्लू यादव, सचिन सहित कई क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। संवाद