बस्ती। दिव्यांगजनों की प्रतिभा और हुनर को प्रोत्साहित करने के लिए चार नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में मंडलस्तरीय दिवाली मेले का आयोजन किया जाएगा। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित मेले में दिव्यांगजनों की ओर तैयार चित्रकला, हस्तकला और अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी तनुज त्रिपाठी ने बताया कि मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य उनकी रचनात्मक क्षमता को आमजन तक पहुंचाना और उनका उत्साहवर्धन करना है। उन्होंने जिले के लोगों से मेले में पहुंचकर दिव्यांगजनों के हस्तनिर्मित उत्पादों और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील की है।