फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Basti News: दिवाली पर बाजारों में 35 करोड़ की धनवर्षा, ऑटोमोबाइल से सराफा तक चमका कारोबार

विज्ञापन
स्टेशन रोड पर पटाखा की खरीदारी करते लोग संवाद
विज्ञापन
बस्ती। दिवाली पर जिले के सजे बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ ने ऑटोमोबाइल, सराफा, कपड़ा, मिठाई, फूल और पटाखा कारोबार में रौनक बढ़ा दी। वाहनों की खरीदारी से लेकर घरों की सजावट और पूजन सामग्री तक लोगों ने जमकर खर्च किया। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक, अकेले ऑटोमोबाइल क्षेत्र में करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। सराफा में 10 करोड़, पटाखों में दो करोड़ और मिठाई में एक करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का अनुमान है। इस तरह इन प्रमुख कारोबारों में ही 33 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार की संभावना है। अन्य बाजारों में हुई बिक्री इससे अलग है।
विज्ञापन

दिवाली पर सबसे अधिक चमक ऑटोमोबाइल बाजार में दिखी। धनतेरस के बाद दिवाली पर जिले में करीब 2000 वाहनों की बिक्री का अनुमान है। इनमें लगभग 1500 दोपहिया वाहन और 500 कार, ट्रैक्टर समेत अन्य व्यावसायिक वाहन शामिल हैं। ऑटोमोबाइल कारोबारियों के अनुसार, इससे करीब 20 करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। पांडेय इंटर कॉलेज के पास स्थित बाइक शोरूम में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी थी। एजेंसी संचालक सुनील मिश्र ने बताया कि पहले से बुक कराए गए वाहनों की डिलीवरी भी की गई। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए एजेंसियों ने नकद छूट, आसान वित्त, मुफ्त एक्सेसरीज और उपहार की सुविधा दी थी।
सराफा बाजार में भी खूब खरीदारी हुई। गांधीनगर से पुरानी बस्ती तक आभूषण की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। कारोबारी गौरव भारत के मुताबिक, दिवाली पर सोने-चांदी के आभूषणों की मांग रही। सराफा कारोबार में करीब 10 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान है। वहीं, कपड़ा बाजार में साड़ी, रेडीमेड और नए डिजाइन के परिधानों की खरीदारी हुई। कारोबारी प्रह्लाद मोदी ने बताया कि दिवाली पर नए कपड़े खरीदने और पहनने की परंपरा के चलते दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। मिठाई की दुकानों पर भी सुबह से खरीदार जुटे रहे। कारोबारी अमित जायसवाल के अनुसार, इस बार अच्छी गुणवत्ता वाली मिठाइयों की मांग अधिक रही। मिठाई कारोबार में एक करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री होने की उम्मीद है। मालवीय रोड, गायत्री शक्तिपीठ समेत विभिन्न बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानों पर भी भीड़ रही। मिट्टी के दीये, बर्तन, मोमबत्ती, खिलौने, सरसों का तेल, रूई-बत्ती, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और सजावटी झालरों की खूब बिक्री हुई।
विज्ञापन

फूलों की मांग बढ़ी, 100 रुपये तक पहुंची माला
दिवाली पर फूलों की मांग बढ़ने से इनके दाम भी चढ़े रहे। गांधीनगर, कंपनीबाग, रोडवेज, मंगल बाजार, कटरा और फव्वारा तिराहे पर सुबह से दोपहर तक फूल खरीदने वालों की भीड़ रही। इस बार अधिकांश फूल इंदौर और वाराणसी की मंडियों से मंगवाए गए थे। गेंदा फूल की माला 70 से 100 रुपये तक बिकी, जबकि गेंदा फूल का भाव 150 से 170 रुपये प्रति किलो रहा। पान लड़ी, गुलाब और कमल का फूल भी खूब बिका। कमल का फूल 100 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गया। फूल विक्रेता अनिल और सुशील सैनी ने बताया कि कमल का फूल बाहर से मंगवाना पड़ता है, इसलिए इसकी कीमत अधिक रही।
दो करोड़ के पटाखों की बिक्री, बच्चों ने खरीदी फुलझड़ी
दिवाली पर पटाखा बाजार भी गुलजार रहा। जीआईसी, आईटीआई, रेलवे स्टेशन और पांडेय इंटर कॉलेज के पास लगी दुकानों पर सुबह से खरीदारों की भीड़ रही। बच्चों ने फुलझड़ी और छोटे पटाखे खरीदे तो युवाओं और बड़ों ने रॉकेट समेत अन्य आतिशबाजी के सामान की खरीदारी की। थोक कारोबारी दिलीप कुमार के अनुसार, जिले में करीब दो करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हुई है।
भीड़ से बाजारों में लगा जाम
खरीदारों की भीड़ के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। गांधीनगर, पांडेय बाजार और मंगल बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कई जगह वाहन रेंगते नजर आए। रोडवेज क्षेत्र में भी आवागमन प्रभावित हुआ। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अलग से कर्मियों की तैनाती की गई थी।

स्टेशन रोड पर पटाखा की खरीदारी करते लोग संवाद

स्टेशन रोड पर पटाखा की खरीदारी करते लोग संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें