झाड़ियों में लहूलुहान हालत में मिला दिव्यांग
- फोटो : अमर उजाला
बस्ती के पैकोलिया थाना क्षेत्र के इटवा कुनगाई स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के गेट के पास झाड़ी में 25 वर्षीय दिव्यांग युवक को लहूलुहान हालत में पाया गया। सूचना पर पहुंचे उसके पिता उसे पहले अपने घर और वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर चाकू से गुदे होने के कई घाव पाए गए। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम छानबीन में जुटी है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के करनपुर सेंगर गांव निवासी 25 वर्षीय सुनील निषाद पुत्र शिव दिन उर्फ सैदू बाएं पैर से दिव्यांग था। वह बैसाखी के सहारे चलता था। परिवार के लोगों का कहना है कि सुनील रविवार देर शाम करीब 7:00 बजे घर से निकला था।
रात में घर नहीं आने पर परिवार के लोगों उसकी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार सुबह इटवा कुनगाई इंटर कॉलेज के बगल में स्थित झाड़ियों में एक व्यक्ति को किसी ने लहूलुहान हालत में देखा। जिसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। घायल को किसी ने सुनील निषाद के रूप में पहचाना।