बस्ती। अयोध्या में रामलला मंदिर पर 25 नवंबर को प्रस्तवित ध्वजारोहण समारोह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को देखते हुए लखनऊ-अयोध्या-गोरखपुर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
रविवार की रात 11 से 26 नवंबर रात आठ बजे तक अयोध्या जाने वाले सभी भारी और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। आवश्यकतानुसार छोटे वाहनों के मार्ग में भी बदलाव किया जा सकता है। खुफिया एजेंसियां 2 घंटे हाईवे पर गहन निगरानी रखेंगी।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि 25 नवंबर को अयोध्या में प्रस्तावित कार्यक्रम और वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण और यातायात को सुगम बनाने के लिए 23 नवंबर की रात 11 बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। यह व्यवस्था 26 नवंबर की रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान अयोध्या की ओर जाने वाले भारी वाहनों (ट्रक, डीसीएम, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि) को फोरलेन पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
टांडा में बन रहा पुल पड़ रहा भारी :आंबेडकर नगर मार्ग पर टांडा में बन रहा पुल वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है। ट्रक चालक रामू ने बताया कि पहले डायवर्जन के दौरान लुंबिनी-दुद्धी मार्ग होते हुए वाराणसी के रास्ते बिहार में प्रवेश कर जाते थे, मगर टांडा में पुल का निर्माण होने से इस रास्ते पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक है। ऐसे में डायवर्जन खत्म होने का इंतजार करना पड़ता है।