बस्ती। अयोध्या में राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर बुधवार की रात 11 बजे रूट डायवर्जन प्रभावी कर दिया गया है। 19 मार्च शाम तक गोरखपुर और लखनऊ की ओर से आने वाले कामर्शियल वाहन बदले हुए रूट से निकाले जाएंगे। इसके लिए पुलिस बल मुस्तैद कर दिया गया है। केवल छोटी गाड़ी, सवारी गाड़ी और एंबुलेंस को ही अयोध्या की ओर जाने दिया जाएगा।
रूट डायवर्ट होने से गोरखपुर की तरफ से आने वाली कामर्शियल गाड़ियां पॉलिटेक्निक चौराहे से उतरौला मार्ग पर निकाली जा रही है। यह सभी वाहन बलराम, गोंडा होते हुए लखनऊ निकलेंगे। जबकि लखनऊ की तरफ से आने वाले वाहन इसी रूट पर बाराबंकी से मोड़ दिए जाएंगे। इस बार रूट डायवर्ट होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। क्योंकि टांडा पुल भी मरम्मत के चलते छह महीने से बंद है।
पहले भारी वाहन इस रास्ते सुलतानपुर हाईवे पकड़कर लखनऊ की दूरी आसानी से तय कर लेते थे। अब वाहन चालकों को बलरामपुर के रास्ते ही निकलना एक विकल्प बचा है। ऐसे में समस्या बढ़ गई है। एएसपी श्यामकांत ने बताया कि बस्ती- अयोध्या फोरलेन पर भारी वाहनों का चलना 19 मार्च तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। संवाद