प्रेक्षागृह में जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रमुख आज लेंगे शपथ
बस्ती। जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय चौधरी और 43 सदस्यों के अलावा ब्लॉक प्रमुख सुबह 11 बजे पद की शपथ लेंगेे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद हरीश द्विवेदी होंगे। पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
उप्र शासन के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने सामान्य निर्वाचन 2021 में निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों, ब्लॉक प्रमुखों व जिला पंचायत अध्यक्ष के शपथ ग्रहण के लिए सोमवार को सुबह 11 बजे का समय निर्धारित किया है। शासन स्तर से जारी निर्देश में कहा गया है कि उप्र क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत नियमावली 1994 के प्रावधानों के तहत नवनिर्वाचित का शपथ ग्रहण कराया जाए। इसी के साथ ही उसी दिन नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली बैठक भी आयोजित की जाए।
शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विकास मिश्र ने बताया कि शपथ ग्रहण के लिए अब अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षा गृह को चयनित किया गया है। यहां जिला पंचायत अध्यक्ष के अलावा ब्लॉक प्रमुख और सभी 43 सदस्य शपथ लेंगे। कार्यक्रम में पांचों विधायकों के अलावा डीएम तथा अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।