जिला पंचायत अध्यक्ष 12 को लेंगे शपथ
बस्ती। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी 12 जुलाई की सुबह 11 बजे अपने पद का शपथ ग्रहण करेंगे। साथ ही सभी 43 जिला पंचायत सदस्य भी शपथ लेंगे। जिला पंचायत कार्यालय में शपथ ग्रहण के लिए तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
राज्य के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने सामान्य निर्वाचन 2021 में निर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों और अध्यक्षों के शपथ ग्रहण के लिए 12 जुलाई को सुबह 11 बजे का समय निर्धारित किया है। शासन स्तर से जारी निर्देश में कहा गया है कि उप्र क्षेत्र पंचायत तथा जिला पंचायत नियमावली 1994 के प्रावधानों के तहत नवनिर्वाचित अध्यक्षों और सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया जाए। इसी के साथ ही उसी दिन नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली बैठक भी आयोजित की जाए।
गाइडलाइन जारी होते ही बस्ती जिला पंचायत कार्यालय में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर शुरू हो चुकी हैं। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी विकास मिश्र ने बताया कि डीएम के निर्देश पर पंडित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह को शपथ ग्रहण स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।