विकास भवन के सामने निर्माणाधीन जिला पंचायत कांपलेक्स भवन। संवाद
बस्ती। जिला पंचायत परिषद भी आजकल खूब चर्चा में है। प्रशासनिक गलियारे में निर्माणाधीन भवन को लेकर तरह- तरह सुगबुगाहट हो रही है। हालांकि जिला पंचायत परिषद का सभागार युक्त कार्यालय भवन साल केे भीतर बनकर तैयार हुआ है।
एक करोड़ की यह परियोजना लगभग पूर्ण होने के कगार पर है। केवल फिनिशिंग स्तर का कार्य बचा हुआ है। जबकि विकास भवन के सामने पुराने आवासीय एवं काॅमर्शियल भवन को तोड़कर नया कांप्लेक्स का भवन बनाया जा रहा है। छह महीने से कम समय में ही इस परियोजना का भी 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
निर्माण कार्य में तेजी को लेकर राजनीतिक माहिर इसे दूसरे दृष्टि देख रहे हैं। जिला पंचायत के निर्माणाधीन भवन खूब चर्चा में है। जानकारों का कहना है कि जिला पंचायत का कार्यकाल खत्म होने वाला है, इसीलिए जल्दबाजी में यह दोनों प्रस्तावित परियोजनाएं पूर्ण कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि विकास भवन के सामने 80 लाख की लागत से तैयार हो रहे कांप्लेक्स के आवंटन की तैयारी कार्यकाल समाप्त होने के पहले ही की जा रही है। इस भवन का कार्य पचास प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है। दीवाल स्तर का कार्य पूरा होने वाला है।
इसके बाद छत ढलाई का कार्य शुरू होगा। वहीं एक करोड़ की लागत का जिला पंचायत कार्यालय भवन भी बनकर तैयार हो गया है। अब इसमें फिनिशिंग, रंग-रोगन और टाइल्स का कार्य होना बाकी है। कलक्ट्रेट भवन के अधिकांश भवन इधर एक दशक में नए डिजाइन में बनाए जा चुके हैं। केवल जिला पंचायत कार्यालय का भवन ही पुराना बचा हुआ था। पिछले साल इस भवन को भी ध्वस्त करके नए निर्माण की तैयारी की गई। जिससे यह अब मूर्त रूप ले चुका है।