डीएम प्रियंका निरंजन ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक किया।
बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए बैंक शाखाओं में हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। जनपद के 160000 किसान अभी भी ई-केवाईसी से वंचित है। इससे उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैंकों में इस योजना के लिए पृथक व्यवस्था बनने से किसानों को खाता खोलने एवं उसे मोबाइल और आधार से लिंक कराने में सहूलियत मिलेगी।
इस आशय के आदेश जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दिए है। वह गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान सम्मान निधि योजना के तहत चलाए जा रहे एक माह के अभियान की समीक्षा कर रही थी। उन्होंने सभी बैंक समन्वयकों को निर्देशित किया कि बैंक की प्रत्येक शाखा में किसानों के लिए पृथक हेल्प डेस्क बनाया जाए। जिससे उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके। उन्होंने 22 मई से प्रारंभ किसान सम्मान निधि अभियान की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। खंड विकास अधिकारियों को सक्रिय होने के निर्देश दिए। कहा कि पीएम किसान गोल एप पर जाकर ग्राम सचिव भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। सभी ग्राम सचिव इस एप को अपने मोबाइल में अपलोड करें। समीक्षा के दौरान उन्होंने पाया कि बनकटी में 15687, कुदरहा में 15119, गौर में 12029, हर्रैया में 10941, सल्टौआ गोपालपुर में 9667, दुबौलिया में 7731 तथा कप्तानगंज में 7786 किसानों का ई-केवाईसी अवशेष है। उन्होंने जन सुविधा केंद्र संचालकों को भी इस कार्य में तेजी लाने को कहा। प्रत्येक बीडीओ को प्रतिदनि अभियान की समीक्षा कर ग्रुप में रिपोर्ट शेयर करने के निर्देश मिले। डीएम स्वयं हर दूसरे दिन जूम मीटिंग के माध्यम से अभियान की प्रगति जानेंगी।
उपनिदेशक कृषि प्रतिदिन शाम को ई-केवाईसी, भूलेख अंकन तथा आधार फीडिंग की रिपोर्ट डीएम को उपलब्ध कराऐंगे। उन्होंने लीड बैंक मैनेजर को ब्लॉक स्तरीय बैंक एवं विभागीय अधिकारियों की संयुक्त बैठक कराने को कहा। ब्लाक स्तर पर ग्राम पंचायतवार कैंप आयोजनों की सूची जारी की जाए। कैंप में बैंक, राजस्व, विकास विभाग एवं जन सुविधा केंद्र के संचालकों की उपस्थिति पूरी तैयारी के साथ सुनिश्चित हो। कहा कि बनकटी एवं बहादुरपुर ब्लॉक में इस अभियान की सफलता के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उपनिदेशक कृषि अनिल कुमार ने बताया कि आधार सीडिंग के लिए 48869, भूलेख अंकन के लिए 77398 तथा पीएफएमएस रिजेक्टेड डाटा सही करने के लिए 32927 मामले लंबित है। एडीएम कमलेश चंद्र, पीडी कमलेश सोनी, डीडीओ अजीत श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।