जिला अस्पताल बनेगा टेली मेडिसिन का हब
तीन विशेषज्ञ समेत छह चिकित्सकों की टीम करेगी केंद्र का संचालन
गंभीर रूप से बीमार रोगियों को अस्पताल से ही मिल जाएगा परामर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु चिकित्सकों से परामर्श अब स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र के टेली मेडिसिन सेंटर से मिल जाएगा। इसके लिए जिला अस्पताल को टेली मेडिसिन का हब बनाया जा रहा है। इस केंद्र का संचालन तीन विशेषज्ञ समेत छह चिकित्सकों की टीम करेगी। इसके लिए हृदय रोग विभाग को नेटवर्क व अन्य संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। पूरी संभावना है कि मार्च तक केंद्र का संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
सभी को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिले, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीज को चिकित्सक देखेंगे। गंभीर रोगियों को स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से टेली मेडिसिन सेंटर के माध्यम से जिला अस्पताल स्थित टेली मेडिसिन विभाग से जोड़ दिया जाएगा। यहां पर पहले एमबीबीएस डिग्रीधारी चिकित्सक परामर्श देंगे। जरूरत होने पर यहां के विशेषज्ञ चिकित्सकों से सलाह ली जा सकेगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला अस्पताल के टेली मेडिसिन हब के माध्यम से महानगरों के चिकित्सकों से सलाह लेकर इलाज शुरू करा दिया जाएगा।
जिला अस्पताल में बनाए जा रहे टेली मेडिसिन हब के संचालन के लिए तीन एमबीबीएस व तीन विशेषज्ञ चिकित्सक (हृदय रोग, बाल रोग व फिजीशियन) को यह जिम्मेदारी दी गई है। तीनों विशेषज्ञ चिकित्सक दोपहर 12 से शाम चार बजे तक ड्यूटी करेंगे। वहीं एमबीबीएस चिकित्सक सुबह दस से शाम चार बजे तक मरीजों को आन लाइन परामर्श देंगे। दवा भी बताएंगे। दवा का पर्चा वेलनेस सेंटर के माध्यम से मिल जाएगा। सीएमओ डॉ. एके गुप्ता ने कहा कि हेल्थ वेलनेस सेंटर की स्थापना मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए बनाई गई है। इसी कड़ी में जिला अस्पताल में टेली मेडिसिन विभाग भी संचालित किया जाएगा।
जिला अस्पताल के प्रभारी एसआईसी डॉ. राम प्रकाश ने कहा कि टेली मेडिसिन सुविधा को संचालित करने की व्यवस्था जिला अस्पताल में बनाई जा रही है। नेटवर्क का काम पूरा हो गया है। उम्मीद है कि मार्च तक योजना धरातल पर उतर जाएगी।