ट्रेन में हंगामे की सूचना सतर्क रहा प्रशासन
बस्ती। बेंगलुरू से प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन में भोजन को लेकर हंगामे की सूचना पर जिले में अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। प्रशासनिक अमला मुस्तैद रहा। शनिवार को बस्ती रेलवे स्टेशन पर श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के आने का सिलसिला जारी था। इसी बीच जिला प्रशासन को सूचना मिली कि बेंगलुरू से छपरा जा रही गाड़ी में मौजूद यात्रियों ने फैजाबाद में भोजन को लेकर हंगामा कर दिया है। इसके बाद स्टेशन पर कई थानों की फोर्स के अलावा, पीएससी जवान तैनात कर दिए गए। अपर जिलाधिकारी, एसडीएम सदर, अपर पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इधर आरपीएफ व जीआरपी भी पूरी तरह से तैयार थी। दोपहर लगभग 2:30 बजे गाड़ी बस्ती से रनथ्रू गुजरी। एडीएम रमेशचंद्र ने बताया कि सूचना मिली थी, जिसके बाद पूरी तैयारी कर ली गई थी। गाड़ी को रनथ्रू गुजरना था। चेनपुलिंग न होने पाए इसके लिए एहतियात बरती गई।