परशुरामपुर। थानाक्षेत्र के यरता गांव में शुक्रवार की रात अनुसूचित जाति की युवती से शादी करने गोंडा जिले के एक गांव के मुस्लिम समुदाय के लोग बरात लेकर पहुंच गए तो हंगामा मच गया। विश्व हिंदू महासंघ के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहां शनिवार देर शाम तक दोनों पक्षों में बातचीत के बाद सुलह-समझौता हो गया। यरता गांव की युवती का चार-पांच वर्ष पहले गोंडा जनपद के पटखौली निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत चल रही थी। धीरे-धीरे दोनों ने शादी करने का मन बनाया और अपने परिवार के लोगों को भी राजी कर लिया। शुक्रवार को दूल्हा बरात लेकर यरता गांव पहुंचा। इसी दौरान गांव में 15-20 की संख्या में गैर-संप्रदाय के बरातियों के पहुंचने से लोगों में हलचल मच गई। किसी ने विश्व हिंदू महासंघ को सूचना दे दी। संगठन के सदस्य महेश हिंदुस्थानी, साहब पाठक, संजय पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और शादी का विरोध करने लगे। सूचना पर परशुरामपुर के एसओ भानु प्रताप सिंह भी पहुंचे और दूल्हे व अन्य बरातियों को थाने ले गए। एसओ ने बताया कि दोनों परिवार आपसी रजामंदी से यह शादी कर रहे हैं।