समाधान दिवस : दुबौलिया में डीएम और एसपी ने फरियादियों की सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/दुबौलिया। दुबौलिया थाने पर शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर पहुंचे डीएम रवीश गुप्ता व एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। कुल सात मामले आए। सभी राजस्व से संबंधित ही रहे। डीएम ने मातहतों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से निस्तारित करें। प्रयास करें कि किसी मामले की शिकायत की पुनरावृत्ति न हो।
डीएम ने कहा कि ज्यादातर राजस्व कर्मी यह लिख देते हैं कि दोनों पक्षों में समझौता न होने के कारण न्यायालय भेजा गया। यह प्रथा अब बंद होनी चाहिए। इससे पता चलता है कि संबंधित कर्मी जांच कर मामले को निस्तारित करने के बजाय खुद को सुरक्षित करने में लगे हैं। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम हर्रैया विनोद पांडेय, सीओ कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
सोनहा संवाद के अनुसार, थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस में पांच मामले आए, एक का ही निस्तारण हो पाया। इस मौके पर तहसीलदार पंकज कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार कृष्ण मोहन यादव, थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
कलवारी संवाद के अनुसार, थाना परिसर में थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने फरियादियों के प्रार्थना पत्रों पर सुनवाई किया। कुल नौ मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण हो पाया। बनकटी संवाद के अनुसार, लालगंज में नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह व थानाध्यक्ष सुनील कुमार गौड़ ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। कुल 11 मामले आए सभी राजस्व विभाग से संबंधित रहे। नगर बाजार संवाद के अनुसार, थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस पर पांच मामले आए, किसी का निस्तारण नहीं हो पाया। थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया प्राप्त मामलों के निस्तारण के लिए टीम का गठन किया गया है।