बस्ती। डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बृहस्पतिवार की सुबह आंगनबाड़ी केंद्र देवमी, बाल विकास परियोजना बनकटी, कस्तूरबा विद्यालय सदरी का निरीक्षण किया। कस्तूरबा विद्यालय में गंदगी मिलने पर वार्डन को स्पष्टीकरण तलब किया। आंगनबाड़ी केंद्र देवमी के निरीक्षण के दौरान मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री मिथिलेश नन्दनी, आंगनबाड़ी सहायिका सावित्री देवी तथा क्षेत्रीय मुख्य सेविका शशिलता उपस्थित मिलीं।
केंद्र पर 3 से 6 वर्ष के 14 बच्चे उपस्थित मिले, बच्चे स्कूल पूर्व शिक्षा गतिविधि कर रहे थे। बच्चों द्वारा ड्राइंग की जा रही थी। आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बच्चों के पोषण की स्थिति की जानकारी करने पर बताया गया कि बच्चों का वजन एवं लंबाई लेकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करते हैं तथा बच्चों की पोषण श्रेणी की जानकारी मिलती है। डीएम ने एक बच्ची कुमारी मान्सी 2 वर्ष 5 माह का वृद्धि मापन कराया। जिसमें वजन 10.8 किग्रा पाया गया तथा ऊंचाई 84 सेमी पाई गई।
पोषण कैलकुलेटर से गणना करने पर बच्ची कुपोषण की तीनों श्रेणियों उम्र के अनुसार वजन, उम्र के अनुसार लम्बाई, ऊंचाई के सापेक्ष वजन में सामान्य श्रेणी की पाई गई। बच्ची कुपोषित नहीं पाई गई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र डारीडीहा, बाल विकास परियोजना, सदर, का निरीक्षण किया। सदर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय भुवरनिरंजनपुर विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 1 एवं 2 के छात्रों का अवलोकन किया।
यहां बच्चों का शैक्षणिक स्तर और अध्यापन कार्य संतोषजनक पाया गया। डीएम ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बस्ती सदर का स्थलीय निरीक्षण किया। वहां शौचालय एवं विद्यालय परिसर में गंदगी मिली। जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई और वार्डन को स्पष्टीकरण तलब किया।