नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के कठार जंगल गांव में मंगलवार को तेज बारिश और आंधी के दौरान जर्जर मकान ढहने से 12 वर्षीय बालक मलबे में दबकर घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गांव निवासी अशरफी लाल चौहान का कच्चा मकान काफी जर्जर था। मंगलवार दोपहर तेज हवा और बारिश के बीच मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय उनका 12 वर्षीय पुत्र नैतिक घर के अंदर मौजूद था और मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। राहत कार्य में अजय मिश्रा और वीरेंद्र कुमार ने भी सहयोग किया। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले अशरफी लाल का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया है। परिवार में घायल नैतिक के अलावा पुत्री लक्ष्मी भी है। मकान गिरने के बाद पूरा परिवार फिलहाल पड़ोसियों के यहां शरण लेने को मजबूर हैं। संवाद