कार्यस्थल पर पहुंचकर फोटो करना होगा अपलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। नगर पालिका के सफाई कर्मियों की अब सार्थक एप से निगरानी होगी। प्रत्येक दिन उनकी डिजिटल हाजिरी लगेगी। सभी 25 वार्डों में तैनात करीब 400 सफाई कर्मचारी नियमित सफाई करेंगे और काम से जी नहीं चुरा पाएंगे। वह अपनी जगह किसी दूसरे को काम पर भी नहीं लगा सकेंगे।
शहरी क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त बनाने के लिए शासन ने डिजिटल हाजिरी की व्यवस्था की है। इसके लिए प्रत्येक सफाई कर्मचारी को सार्थक एप से जोड़ा जाएगा। इससे अधिकारी एक ही जगह बैठकर शहर की सफाई व्यवस्था पर नजर रख सकेंगे।
नगर पालिका के सफाई शाखा के अलावा अन्य शाखाओं के एक हजार कर्मचारियों को यह एप डाउनलोड करना होगा। इसके लिए सभी सफाई कर्मचारियों के आईडी पासवर्ड बनाए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी सफाई नायकों को सौंपी जाएगी। क्योंकि अधिकतर सफाई कर्मचारियों के पास एंड्रायड फोन नहीं है।
नगर पालिका के 25 वार्डों में 400 सफाई कर्मियों की तैनाती है। अब तक इसमें सफाई कर्मी खुद न आकर अपने किसी परिजन या अन्य को लगा देते हैं। अथवा सफाई नायक व सभासद से सांठगांठ कर गायब रहते हैं। अब सार्थक एप इस पर अंकुश लगाएगा।
.
ऐसे होगी निगरानी
कर्मचारियों को मोबाइल में सार्थक एप डाउनलोड करना होगा। कर्मचारियों की आईडी और पासवर्ड बनाए जाएंगे। सार्थक एप में आईडी पासवर्ड डालकर उसमें लॉगइन करना होगा। इसके बाद रोजाना तारीख के अनुसार उपस्थिति दर्ज करनी होगी। जीपीएस सिस्टम के माध्यम से हाजिरी देने वाले कर्मचारी की लोकेशन का पता भी लगाया जा सकता है।
...
कोट
सार्थक एप की व्यवस्था अभी यहां नहीं लागू है। सफाई कर्मचारियों की मस्टररोल पर हाजिरी ली जाती है। सफाई कार्य का डिजिटल फोटो व्हाट्सएप ग्रुप में सभी वार्डों से नियमित मंगाया जाता है।
-दिनेश कुमार, सफाई निरीक्षक