बभनान स्थित फिलिंग स्टेशन पर तेल न होने से सूना पड़ा पेट्रोल पंप-संवाद
बभनान। क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर दो दिनों से डीजल व पेट्रोल नहीं मिल रहा है। जिसके चलते ग्राहकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बभनान के आसपास के आधा दर्जन पंपों पर सोमवार को ग्राहकों को तेल न मिलने से गैलन व डिब्बा लेकर लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बभनान के इंदिरा फिलिंग स्टेशन पर दो दिनों से ताला लगा हुआ है। इसी प्रकार हरैया रोड पर किसान फिलिंग स्टेशन पूरा पैकोलिया पर तीन दिन से डीजल व पेट्रोल न होने से पंप बंद पड़ा है। बभनान गौर रोड पर एचपी पेट्रोल पंप पर भी तेल नहीं है। बभनान हलुवा रोड पर देवता मिश्र किसान सेवा केंद्र पर पिछले तीन दिनों से तेल न होने से बंद है। इसी मार्ग पर उकरहा में एचपी के पेट्रोल पंप पर तेल नहीं है।
इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप बेलवरिया जंगल पर भी तेल न होने से उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप के संचालकों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल के लिए लखनऊ से लोड मिल रहा है। पैसा लगाने के तीन से चार दिन बाद भी लोड नहीं आने से पंप पर ताला लगाना पड़ रहा है। देवता मिश्र किसान सेवा केंद्र बभनान के संचालक ने बताया कि पहले बैतालपुर से लोड आता था इस बार लखनऊ से लोड लाने के लिए पैसा डाला गया है। संवाद