रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री
कोहरे के चलते रेलवे बोर्ड ने लिया निर्णय, कई ट्रेनें विलंब, यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कोहरे के चलते 30 दिसंबर तक पहले से निरस्त चल रही गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन को आगामी एक मार्च तक निरस्त कर दिया गया है। जबकि रेलवे बोर्ड की ओर से डिब्रूगढ़, जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन को एक मार्च तक लिए एवं आनंद विहार साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को 31 मार्च तक के लिए निरस्त किया गया है। एक्सप्रेस ट्रेनों के निरस्त होने से पहले से आरक्षण कराकर यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट निरस्त कराने पड़ेंगे।
गुवाहाटी से चलकर चंडीगढ़ जाने वाली डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस व बिहार के बरौनी से चलने वाली जनसेवा एक्सप्रेस के साथ साप्ताहिक आनंद विहार एक्सप्रेस ट्रेन को लंबे समय तक निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। हमसफर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन को बीच-बीच में निरस्त कर चलाया जा रहा है।
बस्ती रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को बस्ती के रास्ते जाने वाली बाघ एक्सप्रेस, लखनऊ जंक्शन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़ स्पेशल एक्सप्रेस व आनंद विहार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रही। जबकि बरौनी से चलकर नई दिल्ली को जाने वाली नई दिल्ली-क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस 5 घंटे की देरी से चल रही है। दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन दो घंटे लेट रही। भीषण ठंड के चलते स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाली यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ट्रेनों के निरस्त होने एवं देरी से चलने की वजह से यात्रा करने वाले यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
...
कोट
कोहरे के चलते कुछ एक्सप्रेस सहित पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे बोर्ड की ओर से निरस्त किया गया है। यात्रियों की असुविधा न हो इसके लिए पहले से आरक्षण करा चुके यात्रियों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेज कर सूचना दी जा रही है।
-पंकज कुमार सिंह, मुख्य जल संपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर