बस्ती। पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को यूपी- 112 के मासिक समीक्षा एवं कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस दौरान काॅलर (फोन पर सूचना देन वाले) / पीड़ित को उचित संतुष्ट न कर पाने वाले कर्मियों को फटकार लगाई गई। वहीं शत प्रतिशत पीड़ितों को संतुष्ट करने वाले पीआरवी कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रभारी निरीक्षक एवं यूपी- 112 के प्रभारी राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यालय/ सीएम डैशबोर्ड पर माह मार्च के रैंकिंग में रिस्पांस टाइम एवं कॉलर संतुष्टि प्रतिशत की समीक्षा की। लापरवाह पीआरवी कर्मचारीगण जिनके द्वारा काॅलर/पीड़ित को उचित संतुष्ट नहीं किया जाना नहीं पाया गया, उनको फटकार लगाते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। पीड़ित को शत प्रतिशत संतुष्ट करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग को उत्कृष्ट योगदान देने वाले पीआरवी जवानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। निर्देशित किया गया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर समस्त पीआरवी कर्मियों को उनकी प्रतिमा की सुरक्षा के दृष्टिगत उपस्थित रहना होगा। सांप्रदायिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में भी पीआरवी जवानों को अपनी भूमिका निभानी होगी।