धान खरीद: लक्ष्य पूरा होने के बाद भी संचालित होंगे क्रय केंद्र
- अब तक 16622 किसानों से हुई तकरीबन 99 फीसदी खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। लक्ष्य पूरा के करीब पहुंची जिले की धान खरीद को लेकर डीएम आशुतोष निरंजन ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब लक्ष्य पूरा करने के बाद भी केंद्रों पर ताला बंदी नहीं होगी। यह केंद्र 35 से 50 क्विंटल की सीमा तक खरीद लघु व सीमांत कृषकों से करेंगे। जिले में अब तक 16622 किसानों से हुई करीब 95 हजार एमटी खरीद में लगभग 153.42 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान खाद्य एवं रसद विभाग ने किया है।
क्रय एजेंसियों को केंद्र नियमित रूप से खोलने तथा किसानों से दैनिक खरीद हो इसकी निगरानी की जिम्मेदारी डीएम ने डिप्टी आरएमओ, डीसी पीसीएफ, पीसीयू, कृषि उत्पादन मंडी समिति व एफसीआई को दिया है। डीएम ने निर्देश दिया कि धान खरीद के सापेक्ष सभी खरीद एजेन्सिया किसानों का भुगतान शासन की ओर से निर्धारित समय सीमा 72 घंटे के अंदर कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने बताया है कि खरीद की तिथि 28 फरवरी तक तय है। अंतिम समय से किसानों का धान खरीदा जाएगा। डिप्टी आरएमओ गोरखनाथ त्रिपाठी ने बताया है कि खरीद का लक्ष्य करीब-करीब पूरा हो गया है। डीएम के निर्देश पर सभी क्रय केंद्र पूर्ववत संचालित होते रहेंगे।