बस्ती। हाईवे पर पुलिस या आबकारी टीम की निगरानी कमजोर है। यहां अधिकांश ढाबे बार की तर्ज पर संचालित किए जा रहे हैं। बड़े शहरों की तरह शौकीनों को क्लब जैसी सुविधा मुहैया कराई जा रही है। पंखे, कूलर, एसी वाले केबिन में अलग से बैठने की व्यवस्था दी जा रही है। पर्दे की आड़ में यहां सबकुछ जायज है। कुछ जगहों पर खाद्य पदार्थ के अलावा शाम रंगीन करने के लिए मादक पदार्थ भी परोसे जा रहे हैं।
जिला मुख्यालय के करीब कोतवाली एवं पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में हाईवे के किनारे डेढ़ दर्जन से अधिक ढाबे संचालित हो रहे हैं। बड़ेवन फ्लाईओवर से लेकर परसा चौराहे तक ढाबों की भरमार है। हाईवे के यात्रियों की सुविधा के नाम पर खोले गए इन ढाबों में शौकीनों के लिए पूरा इंतजाम किया जा रहा है। यहां शाम ढलने के बाद शौकीनों की भीड़ जुट रही है। उनके लिए ढाबों पर केबिन बुक किया जा रहा है। केबिन के अंदर ही सभी तरह की सुविधाएं उपलब्ध है। एसके एवज में ढाबा संचालक जिम्मेदारों को चढ़ावा भी चढ़ाते हैं। इसीलिए यहां छापेमारी या औचक चेकिंग नहीं की जाती है। बस्ती टोल प्लाजा से लेकर हड़िया चौराहा और पटेल चौक से पचपेड़िया मार्ग पर संचालित इन ढाबों में शाम ढलने के बाद शौकीनों की जमघट देर रात तक हो रही है। मादक पदार्थों का यहां खुलेआम लोग सेवन करते नजर आ रहे हैं। इससे आम राहगीरों का परिवार के साथ यहां बैठना मुश्किल हो गया है। नशे की हालत में ढाबों से लेकर आसपास अक्सर लोग बवाल भी कांटते हैं। पुलिस आती है लेकिन, मामला शांत कराकर हट लेती है। शहरी क्षेत्र के युवक शौक पूरी करने के लिए इन ढाबों को ही प्रमुख अड्डा बना लिए हैं।
हर्रैया से फुटहिया तक भी कई ढाबे संदिग्ध
हर्रैया से फुटहिया तक संचालित आधा दर्जन ढाबे भी संदिग्ध है। यहां शौकीनों के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ मादक पदार्थ भी चोरी छिपे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऐसे में जाने अनजाने में आम राहगीर परिवार के साथ यहां कुछ देर के लिए रूकते हैं तो उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। नशे में धुत लोगों का शोर शराबा सुनकर अन्य लोग वहां दूर हो जाना ही मुनासिब समझते हैं। यहां कुछ ढाबों पर अल्काेहल, एथनॉल एवं स्प्रीट से भरे हुए टैंकर भी रूकते हैं। खबर है कि अवैध शराब के धंधेबाज इन गाड़ि़यों से अल्कोहल, एथनॉल, स्प्रीट की चोरी कर अपने ठिकानों पर पहुंचा रहे हैं। इससे शराब और मिलावटी पेट्रोल तैयार किया जाता है। इस तरह के कारोबार का भंडाफोड़ भी कुछ ढाबों पर हो चुका है।
केस- एक
पटेल चौक के पास स्थित एक ढाबे पर कुछ मनबढ़ों ने नशे की हालत में ही दो महीने पहले बवाल कर लिए। यहां भगदड़ मच गई। कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची तो लोग तितर- बितर हुए। बाद में पता चला कि ढाबा संचालक ने खाद्य एवं अन्य सामग्रियों की अधिक कीमत के साथ बिल प्रस्तुत कर दिया था।
केस- दो
हर्रैया थाना क्षेत्र के संसारीपुर के पास एक ढाबे पर दो बार अवैध शराब और अल्कोहल व स्पी्रट बरामद हो चुका है। ढाबे की आड़ में यहां अवैध शराब का धंधा संचालित होते पाया गया था। पता चला कि धंधेबाज शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले अल्कोहल के खेप की आपूर्ति यहीं से करते हैं।
केस- तीन
हड़िया चौराहे के पास एक ढाबे पर छह महीने पहले कुछ युवकों ने नशे की हालत में मारपीट कर लिया। मामला पुलिस तक पहुंचा था। बाद में रफा- दफा हो गया। इस घटना के बाद संचालक ने ढाबा बंद कर दिया था। काफी दिनों तक यह ढाबा बंद चला। इधर नए संचालक ने फिर से यह ढाबा चालू किया है।
-
आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम लगातार छापेमारी कर रही है। चुनाव के मद्देनजर तो इन दिनों अक्सर हाईवे और ढाबों की चेकिंग की गई है। इसके अलावा बार के तर्ज पर ढाबा संचालित होने की शिकायत नहीं मिली है। जबकि आम आदमी को शिकायत करने की छूट दी गई है। फिर भी इसकी जॉच कराई जाएगी।
राजेश त्रिपाठी, जिला आबकारी अधिकारी।