वॉल्टरगंज। थाना क्षेत्र के बस्ती- डुमरियागंज मार्ग पर स्थित भुजैनिया के समीप स्थित एक ढाबा पर 21 दिसंबर को खाना खाने पहुंचे व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संबंधित व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। इससे परिवार के लोग हतप्रभ है। हालांकि मामले में अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
थाना क्षेत्र के बासापार निवासी दीवानचंद पुत्र राम सुमेर 21 दिसंबर को भुजैनिया गांव के समीप स्थित एक ढाबा पर खाना खाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। उनकी मौत पर संदेह व्यक्त किया जाने लगा। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। जिसमें गंभीर चोट लगने से मौत की वजह सामने आई।
हालांकि परिवार के तरफ से अभी थाने में तहरीर नहीं दी गई है। लेकिन, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। थानाध्यक्ष वाल्टरगंज शशांक सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यक्ति की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बताई गई है। यदि परिजनों की तरफ तहरीर मिलेगी तो एफआईआर दर्ज किया जाएगा। हालांकि परिजन अभी कुछ बोलने को राजी नहीं है। संवाद