बस्ती। सख्ती के बाद जिले की सात पीएचसी से मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले की रिपोर्टिंग नहीं हो रही है। वहां मरीजों की संख्या शून्य दिखाई जा रही है। शासन की सख्ती के बाद भी जिम्मेदारों की कार्य प्रणाली में कोई बदलाव नहीं हो रहा है।
प्रत्येक रविवार को पीएचसी में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। यहां पर चिकित्सक व पैरा मेडिकल स्टॉफ की ड्यूटी लगाई जाती है। स्वास्थ्य मेले में आने वाले मरीजों को जांच व इलाज के साथ दवा आदि की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। शासन की ओर से सख्त निर्देश है कि शाम चार बजे तक स्वास्थ्य मेले के आयोजन के बाद इसकी ऑनलाइन रिपोर्टिंग शाम पांच बजे तक पीएचसी से ही कर देनी है। पिछले दिनों इस संबंध में महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य की ओर से पत्र जारी किया गया था। पत्र में इस बात पर नाराजगी जताई गई थी कि कतिपय सीएचसी से मेले की रिपोर्टिंग नहीं की जा रही है, जबकि इसकी समीक्षा शासन स्तर पर की जा रही है। सीएमओ की ओर से उस पत्र के हवाले से सभी पीएचसी को पत्र जारी कर समय से रिपोर्टिंग करने का निर्देश दिया गया था।