लखीमपुर खीरी में तैनात हैं डिप्टी जेलर सुनील वर्मा
लखनऊ के सरोजनीनगर थाने में तैनात हैं एसआई अवनीश
कप्तानगंज क्षेत्र के खलंगवा और खिरिहवा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज (बस्ती)। खिरिहवा गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने डिप्टी जेलर और खलंगवा में दरोगा के घर को खंगाल कर सनसनी फैला दी। सुबह जानकारी होने पर लोग सन्न रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों घरों में छत के रास्ते घुसकर चोरों ने हाथ साफ किया। एक ही रात दो घरों में चोरी से ग्रामीणों में दहशत है।
कप्तानगंज क्षेत्र के खिरिहवा गांव के पूर्व प्रधान दयाराम वर्मा घर पर रहते हैं। उनके बड़े बेटे अनिल कुमार बाराबंकी जिले में सीडीपीओ हैं। छोटा बेटा सुनील कुमार वर्मा लखीमपुर जिले में डिप्टी जेलर हैं। शुक्रवार की रात चोर छत के रास्ते चैनल का ताला काटकर घर में घुसे। सभी कमरों में अलमारी और संदूक खंगाल डाले। पांच हजार नकदी और कीमती सामान चुरा ले गए। सुबह 6 बजे घर पर काम करने वाला मजदूर बिजली का मोटर लेने आया तो चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस और गांव के लोग आ गए।
इसी क्रम में खलंगवा (भुवनपुर) गांव की रहने वाली इंद्रावती चौधरी पूर्व माध्यमिक विद्यालय दुबौली मिश्र में प्रधानाध्यापिका हैं। उनका बड़ा बेटा अवनीश कुमार चौधरी लखनऊ के सरोजनीनगर थाने पर एसआई पद पर तैनात है। शुक्रवार की रात चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और कमरे का ताला तोड़कर बक्सों में रखी पांच अंगूठी, चार चेन, पायल, लाकेट, झाला और सोने के कई अन्य जेवर सहित नकदी और कीमती सामान चुरा ले गए। सुबह 5 बजे जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो कमरे का ताला टूटा मिला और सबकुछ बिखरा था। शिक्षिका के पुत्र अखिलेश कुमार ने घटना की सूचना फोन के जरिये डायल 112 और कप्तानगंज थाने पर दी।
सूचना पर पुलिस पहुंच गई और जांच करते हुए ग्रामीणों से जानकारी ली। सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्र प्रकाश चौधरी सहित आसपास गांव के लोग भी पहुंच गए। कप्तानगंज के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार दुबे ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है।
...
एक ही तरह से दोनों घरों में हुई चोरियां
दो साल पहले भी डिप्टी जेलर के घर चोरी हुई थी। सूत्रों की मानें तो दोनों घरों की चोरी होने के पहले रेकी की गई है। उसके बाद घटना को अंजाम दिया गया है।