पुलिस लाइन मे बन रहा उपमुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
बस्ती। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के कार्यक्रम में तब्दीली से बृहस्पतिवार आधीरात को पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें ड्यूटी ज्वाइन करने का फरमान जारी कर दिया। शुक्रवार देर रात तक छुट्टियों से वापस आने वालों का सिलसिला चलता रहा।
आधीरात को ऐसी स्थिति तब उत्पन्न हुई, जब शनिवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकाप्टर कार्यक्रम स्थल आदर्श इंटर कालेज सल्टौआ के ग्राउंड में उतरने का कार्यक्रम रद्द कर उसे पुलिस लाइन में उतारने का निर्णय लिया गया। इस फेरबदल का आदेश होते ही सुरक्षा ड्यूटी के लिए जवानों की खोज होने लगी तो पुलिस कर्मी कम पड़ गए।
पुलिस लाइंस और थानों से मांग की गई तो सबने हाथ खड़े कर दिए। रविवार को सिद्धार्थनगर में सीएम के कार्यक्रम के लिए मांगे गए 270 जवानों में से उपलब्धता के हिसाब से शुक्रवार से रवानगी शुरू हुई। कुछ शनिवार को यहां सल्टौआ के कार्यक्रम के बाद सिद्धार्थनगर में सीएम की ड्यूटी में रवाना किए जाएंगे। एसपी संकल्प शर्मा के अनुसार इसमें कोई असामान्य बात नहीं है। पुलिस में इस तरह की स्थिति आती रहती है।