विवाह के बाद कई महिलाओं से संबंध रखने का है आरोप
- कोतवाली में तैनात एसआई की पत्नी व बच्चे का फंदे से लटका मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती/देवरिया। जिले में तैनाती के दौरान उपनिरीक्षक के खिलाफ विवाहेतर संबंध रखने के मामले में चल रही विभागीय कार्रवाई के क्रम में अभियोजन की कार्रवाई शुरू हो चुकी है। पीठासीन अधिकारी /अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने संबंधित पांच गवाहों को नोटिस जारी किया है। उनसे अपना बयान दर्ज कराने को कहा गया है। वर्तमान में वह एसआई देवरिया जिले के बनकटा थाने में तैनात है। एएसपी ने बताया कि जांच अभी चल रही है।
एसआई रिजवान कोतवाली क्षेत्र के खौरहवा स्थित रामशरण यादव के मकान में किरायेदार थे। छह सितंबर 2022 को उनकी 32 वर्षीय पत्नी और 10 वर्षीय बेटे को फंदे से लटका पाया गया था। इस घटना की विभागीय जांच में पाया गया कि एसआई का कई महिलाओं से संबंध है। इसकी जानकारी होने पर पत्नी ने आपत्ति की। इनके न सुधरने की वजह से आत्महत्या कर लिया।
इस संबंध में विभागीय स्तर पर आरोप लगाया गया कि एसआई के इस कृत्य से विभाग की छवि धूमिल हुई। इस संबंध में एसपी के आदेश पर क्षेत्राधिकारी रुधौली से जांच कराई गई। इसमें दोषी पाए जाने के फलस्वरूप पुलिस अधीक्षक के आदेश से उपनिरीक्षक के विरुद्ध उप्र अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की ( अपील) नियमावली-1991 के नियम 14(1) के अन्तर्गत विभागीय कार्रवाई चल रही है।