एक ही परिवार के तीन लोग डेंगू की चपेट में, पड़ोसी भीबीमार
गांव में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम, बचाव कार्य में जुटे रहे कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बदलते मौसम में डेंगू भी पांव पसार रहा है। ऐसे में जुलाई-अगस्त में चलाया गया संचारी रोग नियंत्रण अभियान की हवा निकल गई है। सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव आदि न होने से गांवों में डेंगू के संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। हर्रैया क्षेत्र के केशवपुर गांव में डेंगू फैला हुआ है। आठ लोग डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। ग्रामीण भी दहशत में है।
पिछले एक पखवाड़े से केशवपुर गांव के लोग बुखार से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। जांच में मरीजों का प्लेट्लेट्स कम पाया जा रहा है। इसके बाद डेंगू की जांच कराई जा रही है। अब तक इस गांव के आठ लोग डेंगू पॉजिटिव मिल चुके हैं। हालांकि, इसमें से पांच लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में तीन लोग डेंगू की चपेट में हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव का 25 वर्षीय युवक दिल्ली गया हुआ था। वहां उसका भाई डेंगू की चपेट में आ गया। उसके संपर्क में आने के कारण उसे भी बुखार हुआ। वह 17 सितंबर को दिल्ली से घर लौट आया। यहां प्लेटलेट्स कम होने पर डेंगू की जांच कराई गई। इसमें वह पॉजिटिव मिला। इसी के बाद एक-एक कर लोग डेंगू की चपेट में आते गए। पड़ोस में रहने वाली 48 साल की महिला और 24 साल का उनका बेटा डेंगू से पॉजिटिव मिले। वर्तमान में दोनों का उपचार श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या में चल रहा है। शेष पांच मरीज अब स्वस्थ हैं। उनकी निगरानी आशा कार्यकर्ता कर रही है।
एमओआईसी डॉ. बृजेश शुक्ला के निर्देश पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। इस दौरान डेंगू से प्रभावित लोगों की सेहत जांची गई। गांव में 22 लोगों की डेंगू जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। टीम ने नौ घरों में दवाएं वितरित करते हुए मच्छरदानी का प्रयोग करने, फुल बाह का कपड़ा पहनने, आसपास सफाई रखने और स्वच्छ जल पीने के लिए प्रेरित किया। टीम में डॉ. योगेश शुक्ल, डॉ. उमेश कुमार, सुपरवाइजर धीरेंद्र मिश्र, रंजीत कुमार, अंबेश सिंह, सीएचओ अनीता चौधरी, आशा संगीता शामिल रहीं। टीम ने बताया कि 15 दिन से गांव के लोग बुखार और डेंगू से प्रभावित हो रहे हैं। तीन बार टीम गांव जा चुकी है।
...
बीमारी फैलने के बाद हुई फॉगिंग
केशवपुर गांव में डेंगू फैलने के बाद स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। आठ लोगों के डेंगू प्रभावित होने के बाद स्वास्थ्य और पंचायतीराज विभाग ने मिलकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू की है। गांव में फाॅगिंग कराने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। पूरे गांव में सफाई कराई जा रही है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
..
तिलकपुरवा और परसाजागीर में भी बाद में पहुंची थी टीम
स्वास्थ्य विभाग का संचारी रोग नियंत्रण अभियान कागज में पूरा हो गया। मगर, ग्राम पंचायत स्वास्थ्य समिति स्तर से गांवों में कोई बचाव कार्य नहीं हुए । पिछले दिनों सांऊघाट ब्लॉक के तिलकपुरवा में डायरिया का प्रकोप फैला हुआ था। यहां एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। गनेशपुर क्षेत्र के परसा जागीर, हरदी गांव में जेई के मरीज पाए गए थे। इन गांवों में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज मिलने के बाद सक्रिय हुई थी। गांव में संक्रामक बीमारी से हड़कंप मचने के एक से दो दिन के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराई थी।
...
कोट
केशवपुर में डेंगू मरीजों के मिलने की जानकारी होने पर हर्रैया सीएचसी को टीम भेजने के निर्देश दिए जा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार गांव में पहुंचकर बचाव कार्य कर रही है।
-डॉ. आरएस दुबे, सीएमओ