2,227 आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में किया सर्वे, जांच के लिए लिए गए 50 नमूनों की रिपोर्ट भी निगेटिव
बस्ती। जिले में डेंगू के लार्वा की तलाश में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कराए गए सर्वे में राहत मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में 10,901 घरों की जांच में कहीं भी लार्वा या ब्रीडिंग नहीं मिली। जांच के लिए लिए गए 50 नमूनों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसके बावजूद विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
मलेरिया विभाग की ओर से हर सप्ताह कीट विज्ञानी सर्वे कराया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के 56 गांवों में 2,227 आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर जांच की। इस दौरान पानी जमा होने वाले नौ संभावित स्थानों को चिह्नित कर उनकी जांच की गई। इनमें वाटर टैंक, कूलर, फ्रिज, पुराने टायर, पाइप, पानी रखने वाले बर्तन, गमले और एसी आदि शामिल हैं।
शहरी क्षेत्र के 14 मोहल्लों में भी सर्वे कराया गया। यहां 47 आशा कार्यकर्ताओं ने 1,002 घरों का भ्रमण किया। संभावित ब्रीडिंग स्थलों की जांच के साथ 47 लोगों की मलेरिया जांच भी की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। विभाग के अनुसार, सर्वे के दौरान कहीं भी डेंगू के लार्वा या ब्रीडिंग की पुष्टि नहीं हुई।
प्रभारी जिला मलेरिया अधिकारी चंद्रमोहन मल्होत्रा ने बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से हर सप्ताह सर्वे की रिपोर्ट जुटाकर शासन को भेजी जाती है। बारिश के बाद मौसम में बदलाव के साथ डेंगू का लार्वा पनपने की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए निगरानी और जांच जारी है। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा न होने देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में डेंगू वार्ड और दवाओं की व्यवस्था भी की गई है।
मलेरिया के नौ और डेंगू के 25 मरीज मिले
चालू सत्र में जिले में अब तक डेंगू के 25 और मलेरिया के नौ मरीज मिले हैं। इसके अलावा एईएस के 12, फाइलेरिया के चार और चिकनगुनिया के पांच मामले सामने आए हैं। जिन स्थानों पर मरीज मिले हैं, वहां स्वास्थ्य विभाग की ओर से निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
छह मोहल्लों पर विशेष नजर
शहरी क्षेत्र के सुर्तीहट्टा, चिकवा टोला, स्टेशन रोड, डफाली टोला, रानीपोखरा और तुर्कहिया को संवेदनशील मोहल्लों की सूची में रखा गया है। यहां डेंगू, एईएस-जेई समेत अन्य संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी की जा रही है।
कोट
कीट विज्ञानी सर्वे की रिपोर्ट राहत देने वाली है। अब तक किसी भी स्थान पर डेंगू के लार्वा की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद सतर्कता बरतने और नियमित जांच जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. राजीव निगम, सीएमओ, बस्ती