संवाद न्यूज एजेंसी
सोनहा। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में सोनहा पुलिस का ढुलमुल रवैया अपनाने पर मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर विवेचना ट्रांसफर कराने की मांग की है।
हसनापुर निवासी अवशेश मिश्र उर्फ अनूप का शव संदिग्ध हालात में 29 मई 2024 को पचमोहनी देसी शराब की दुकान के पास रात के वक्त मिला था।
सोनहा थाना में केस दर्ज न होने पर पिता रामनेवास ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि उनके बेटे अवधेश की शराब के दुकान के पास अंडा बेचने वाले राजेश से किसी बात पर विवाद हुआ था। राजेश ने जान से मार डालने की धमकी दी थी।
उसी रात में बेटे को लाठी-डंडे से मारपीट कर हत्या कर दी गई। कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बावजूद केस दर्ज नहीं किया गया।
अमर उजाला में पांच नवंबर के अंक में न्यायालय के आदेश के बावजूद पुलिस ने दर्ज नहीं किया केस शीर्षक से खबर प्रकाशित किया था। इसके बाद सोनहा पुलिस ने उसी रात में केस दर्ज कर लिया।
सोमवार को मृतक के पिता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत की गई कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभी तक थाना सोनहा पुलिस ने नहीं की। जिससे वे उन्हें व उनके परिजनों को जान से खत्म कर देने की धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया कि पुलिस अभियुक्तों से मिली हुई है और जानबूझकर गिरफ्तारी नहीं कर रही है।
इससे उनका पूरा परिवार डरा व सहमा हुआ है। कहा कि उनके परिजनों की हत्या कभी भी की जा सकती है। आरोपितों के गिरफ्तारी व केस की विवेचना किसी उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से कराने की मांग की है।