बाजार में बिक रहा तिरपाल व छाता-संवाद
बस्ती। मानसून की सक्रियता के साथ ही क्षेत्र में हो रही बारिश ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। बारिश शुरू होते ही बाजारों में छाता और तिरपाल की मांग बढ़ गई है। दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही है। मुख्यालय से लेकर क्षेत्र के हर्रैया, भानपुर, रूधौली, नगर बाजार, मुंडेरवा आदि चौराहे पर खुली दुकानों पर बारिश के चलते छतरी, तिरपाल की बिक्री तेज हो गई है।
किसान, छोटे दुकानदार और आम लोग जरूरत के अनुसार छाता और तिरपाल की खरीदारी कर रहे हैं। कृषि कार्यों में तेजी आने के कारण किसान धान की रोपाई के साथ खाद, बीज और अन्य कृषि सामग्री को बारिश से बचाने के लिए बड़े आकार के तिरपाल खरीद रहे हैं। वहीं, फुटपाथ पर ठेला-खोमचा लगाने वाले दुकानदार और छोटे व्यवसायी भी अपने सामान को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल की खरीद कर रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कुछ दिनों तक बारिश न होने से बिक्री सामान्य थी लेकिन बारिश शुरू होते ही ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है। विभिन्न गुणवत्ता और आकार के छाते 100 से 900 रुपये व तिरपाल के 250 रुपये से लेकर 3000 रुपये तक लिए जा रहे हैं।
अचानक बारिश होने से बचाव और घरेलू सामान की सुरक्षा के लिए इनकी खरीदारी आवश्यक हो गई है। शहर में तिरपाल और छाता बेचने वाले व्यापारी संदीप वर्मा, दिनेश अग्रहरी ने बताया कि यदि कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहा तो छाता और तिरपाल की बिक्री में और तेजी आने की उम्मीद है।