भानपुर। किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को भाकियू टिकैत गुट के किसानों ने तहसील परिसर में पंचायत की। पंचायत में सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने, बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान करने और गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई गई।
अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष श्याम नारायण सिंह ने की। कहा कि गेहूं की बोआई का समय नजदीक है। ऐसे में सभी सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध कराया जाए। सभी दुकानों और समितियों पर मूल्य सूची चस्पा कराई जाए। अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने वाले समिति सचिवों और निजी दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। किसानों ने बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित शीघ्र भुगतान कराने और गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। इसके अलावा क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों पर किसानों का धान तौलने और समय से भुगतान सुनिश्चित कराने तथा कृषि रक्षा इकाई रामनगर और सल्टौआ में अच्छी गुणवत्ता वाले गेहूं के बीज उपलब्ध कराने की मांग उठाई। संचालन तहसील महासचिव कन्हैया प्रसाद ने किया। इसके बाद किसानों ने मंडलायुक्त को संबोधित पांच सूत्री मांगपत्र एसडीएम हिमांशु कुमार को सौंपा। इस दौरान संतकुमार भारती, पितांबर मौर्य, श्यामलाल चौधरी, राम निरंजन, रामजीत और राकेश चौधरी मौजूद रहे।