नटवरलाल ने ठग लिए तीन लाख रुपये से अधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। वाल्टरगंज में एक नटवर लाल ने ऋण दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये दुकानदारों को ठग लिया। उसने पहले दुकानदारों को झांसे मे लिया और बताया कि उसकी जिला ग्रामोद्योग में पकड़ है, सभी का ऋण पास करा देगा। ऐसे में झांसे में आकर दुकानदार आकर ठगी का शिकार हो गए।
मामला वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के उत्तर टोला गनेशपुर का है। यहां के रहने वाले लॉड्री संचालक चंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अखिलेश कुमार ने उससे व दुकानदार सलमा, सरस्वती, शांति, सरित, राज श्रीवास्तव को ग्रामोद्योग से ऋण दिलाने की बात कही थी। कहा कि इसमें खर्चा भी आएगा। उसकी विभाग में जबरदस्त पकड़ है। इसके बाद सभी दुकानदार अखिलेश के झांसे में आ गए। सभी ने मिलकर अखिलेश को तीन लाख रुपये से अधिक दिए।
पीड़ित ने बताया कि जब ऋण नहीं पास हुआ और अखिलेश से रुपये लौटने की बात की गई तो वह आनाकानी करने लगा। काफी समय तक ऋण पास होने का वह आश्वासन देता रहा। बाद में पता चला कि उन लोगों के साथ ठगी हो गई है। उसका तीन मोबाइल फोन नंबर था और तीनों स्विच ऑफ बता रहा है। एसओ वाल्टगंज रामफल चौरसिया ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।