बेटे का इलाज करवाकर लौट रहे थे घनश्याम
लालगंज थाने के हटवा के पास हुआ हादसा
संतकबीरनगर के धनघटा थाने के मंझरिया के निवासी थे
संवाद न्यूज एजेंसी
महादेवा (बस्ती)। महुली मार्ग पर लालगंज थाने के हटवा गांव के पास हुए हादसे में बाइक सवार 38 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी 14 वर्षीय बेटी और उसकी गोद में मौजूद तीन माह का भाई घायल हो गए। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाने के मंझरिया निवासी घनश्याम(38) पुत्र राम सुभग बृहस्पतिवार को अपने तीन माह के बेटे का इलाज कराने बस्ती गए थे। उनके साथ 14 वर्षीय बेटी खुशबू भी गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लौटते समय शाम करीब पौने छह बजे लालगंज के हटवा के पास आगे चल रहे ऑटो को ओवरटेक करने लगे। तभी सामने से ट्रैक्टर ट्राली आ गई। दो वाहनों के बीच बाइक चपेट में आ गई। हादसे में घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित अमई पार में घनश्याम की रिश्तेदारी है। जहां के लोग सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। घायल बेटी और बेटे को अस्पताल ले जाया गया है।
काश बांधे होते हेलमेट का बेल्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घनश्याम ने हेलमेट तो पहन रखा था लेकिन उसकी बेल्ट नहीं बांधे थे। इस कारण हादसा होते ही हेलमेट छिटककर दूर जा गिरा।